बालासोर/भद्रक (ओडिशा)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाजरुन खरगे ने बुधवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भगवान विष्णु के ‘11वें अवतार’ के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहे हैं जिसे देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। खरगे ने यह दावा बालासोर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार श्रीकांत के जेना के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए किया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ंहिंदू धर्म में हमने भगवान विष्णु के 10 अवतारों के बारे में सुना है, जैसे राम, कृष्ण, वामन, परशुराम और अन्य। मोदी को विष्णु के 11वें अवतार के रूप में पेश करने की कोशिश की जा रही है।’’ खरगे ने भाजपा नेता संबित पात्र के बयान का हवाला दिया जिन्होंने कथित तौर पर ‘‘भगवान जगन्नाथ को मोदी का भक्त बताया था’’।
उन्होंने कहा कि अब भाजपा नेता ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के स्वास्थ्य के खिलाफ टिप्पणी कर रहे हैं। खरगे ने पटनायक को भाजपा से दूरी बनाए रखने की सलाह दी। कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा और मोदी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि अगर भगवा दल सत्ता में लौटता है तो लोकतंत्र और संविधान दोनों खतरे में पड़ जाएंगे।
खरगे ने कहा, ‘‘इस चुनाव में अगर आप भाजपा को नहीं हराएंगे तो हमारा संविधान और लोकतंत्र दोनों आपके भविष्य के साथ खतरे में पड़ जाएंगे।’’ उन्होंने अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के आरक्षण को लेकर देश की नीति के संदर्भ में कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो इसे खतरा उत्पन्न हो जाएगा।
खरगे ने मौजूदा सरकार की आलोचना करते हुए कहा, ‘‘ मौजूदा शासन में युवा सबसे अधिक पीड़ित हैं। बेरोजगारी की दर उच्च स्तर पर है और पूरे देश में संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। लेकिन मोदी जी इन मुद्दों को अलग तरीके से देखते हैं। उनका ध्यान केवल सत्ता बनाए रखने पर है।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि केंद्र में 30 लाख और ओडिशा सरकार में 1.60 लाख से अधिक पद रिक्त हैं।
मोदी के पूरे नहीं किए गए वादों पर सवाल उठाते हुए खरगे ने टिप्पणी की, ‘‘मोदी ने काला धन लाकर प्रत्येक व्यक्ति के बैंक खातों में 15-15 लाख रुपये जमा कराने का वादा किया था, किसानों की आय दोगुनी करने और हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था। ये वादे कहां गए? ’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने मणिपुर में अशांति जैसे मुद्दों से निपटने के तरीके पर भी निराशा व्यक्त की तथा मोदी पर स्थिति की उपेक्षा करने तथा इसके बजाय अपने राजनीतिक हितों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया।
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेताओं पर पाकिस्तान से डरने का आरोप लगाया है। इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए खरगे ने कहा, ‘‘ कांग्रेस और उसकी नेता इंदिरा गांधी ने ही पाकिस्तान के दो टुकड़े किए और एक लाख लोगों को जेल में डालकर बांग्लादेश को आजादी दिलाई। हम किसी से नहीं डरते और अगर कोई हमें डराने की कोशिश करता है, तो हम कभी नहीं झुकते।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा और आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) के लोग अंग्रेजों से डरते हैं। कांग्रेस ने ही भारत को आजादी दिलाई। आजादी की लड़ाई में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना बलिदान दिया।’’