Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

BJP सांसद तेजस्वी सूर्या अमेरिका जाने वाले प्रतिनिधिमंडल में हुए शामिल… बनेंगे भारत की आवाज

May 19, 2025

BJP सांसद तेजस्वी सूर्या अमेरिका जाने वाले प्रतिनिधिमंडल में हुए शामिल… बनेंगे भारत की आवाज

नेशनल डेस्क : ऑपरेशन सिंदूर के बाद अब भी भारत पाकिस्तान का असली सच दुनिया के सामने लाने के लिए कई योजनाएं बना रहा है। हाल ही में भारत सरकार ने सभी दलों के सहयोग से केंद्र सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर और सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत का रुख बताने के लिए सर्वदलीय सांसदों के 7 डेलिगेशन बनाए हैं। ये डेलिगेशन दुनिया के बड़े देशों, खासकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के सदस्य देशों का दौरा करेगा। बता दें कि इस लिस्ट में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के युवा सांसद तेजस्वी सूर्या का भी नाम शामिल है। सूर्या ने रविवार को जानकारी दी कि वह एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ अमेरिका और लातिन अमेरिका की यात्रा पर जा रहे हैं। आइए जानते है इस लिस्ट में तेजस्वी सूर्या के साथ और कौन-कौन से नाम शामिल है।

32 देशों और यूरोपीय संघ का दौरा करेंगे सांसद

आपको बता दें कि यह यात्रा 23 मई से 6 जून 2025 तक चलेगी। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य दुनिया के सामने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत का स्पष्ट और मजबूत पक्ष रखना है। दरअसल, यह दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भारत सरकार की एक बड़ी कूटनीतिक पहल का हिस्सा है। इसके तहत भारत ने 32 देशों और यूरोपीय संघ मुख्यालय (ब्रसेल्स) के दौरे के लिए सात अलग-अलग बहुपक्षीय प्रतिनिधिमंडल बनाए हैं। इन टीमों में सभी राजनीतिक दलों के सांसदों को शामिल किया गया है।

प्रतिनिधिमंडलों में पूर्व राजनयिक भी होंगे शामिल

हर प्रतिनिधिमंडल में सांसदों के साथ-साथ सेवानिवृत्त राजनयिक भी शामिल होंगे, जो अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का पक्ष मजबूती से रखने में सहयोग करेंगे। इनका मकसद यह बताना है कि भारत को सीमा पार से होने वाले हमलों का जवाब देने का पूरा अधिकार है और भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा है।

शशि थरूर के साथ अमेरिका जाएंगे तेजस्वी सूर्या

तेजस्वी सूर्या ने बताया कि वह इस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस सांसद डॉ. शशि थरूर के साथ यात्रा करेंगे। उन्होंने कहा, “हम मिलकर पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत का मजबूत संदेश लेकर जाएंगे और दुनिया को बताएंगे कि भारत इस खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”

32 देशों और यूरोपीय संघ का दौरा करेंगे सांसद

सूर्या ने अपनी बात में ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया, जिसे उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत की नैतिक और सटीक प्रतिक्रिया बताया। उन्होंने कहा, “यह अभियान न्याय की मांग है, और हमारी अंतरराष्ट्रीय यात्रा इसी न्याय की आवाज को और मजबूत करेगी।”

कर्नाटक से 2 सांसद भी शामिल 

इस अभियान में कर्नाटक से दो सांसद शामिल हैं – तेजस्वी सूर्या के साथ-साथ मंगलुरु से सांसद कैप्टन बृजेश चौटा भी एक अन्य प्रतिनिधिमंडल के साथ ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी की यात्रा करेंगे। तेजस्वी सूर्या ने इस जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह पूरी पहल भारत की वैश्विक कूटनीतिक नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में एक ठोस कदम है।

ऑपरेशन सिंदूर के तहत बनी 7 टीमें

ऑपरेशन सिंदूर नाम के इस प्रयास के तहत भारत सरकार ने सात सर्वदलीय टीमें गठित की हैं। ये टीमें दुनिया के अलग-अलग देशों में जाकर भारत के खिलाफ फैलाए जा रहे झूठे प्रचार का जवाब देंगी और आतंकवाद के विरुद्ध भारत के रुख को मजबूती से रखेंगी।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें