Site icon Dainik Savera Times

‘हिंसा, नफरत फैलाने वाले BJP के लोग’ हिंदू धर्म के मूल सिद्धांतों को नहीं समझते : Rahul Gandhi

INDIA Alliance

INDIA Alliance

नई दिल्ली : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि ‘‘हिंसा और नफरत फैलाने वाले भाजपा के लोग’’ हिंदू धर्म के मूल सिद्धांतों को नहीं समझते। उन्होंने गुजरात में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर पथराव किए जाने की निंदा करते हुए यह टिप्पणी की हैं। राहुल गांधी द्वारा कथित तौर पर लोकसभा में की गई ‘हिंदू विरोधी’ टिप्पणियों के खिलाफ मंगलवार को अहमदाबाद में गुजरात प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के समक्ष आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्य विपक्षी पार्टी और सत्तारूढ़ भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई और दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव किया।

कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उसके प्रदेश कार्यालय पर पथराव किया। राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘गुजरात कांग्रेस कार्यालय पर हुआ कायरतापूर्ण और हिंसक हमला भाजपा और संघ परिवार के बारे में मेरी बात को और पुख्ता करता है। हिंसा और नफरत फैलाने वाले भाजपा के लोग हिंदू धर्म के मूल सिद्धांतों को नहीं समझते।’’ उन्होंने कहा कि गुजरात की जनता उनके झूठ के आरपार साफ देख सकती है और इसके लिए वह भाजपा सरकार को निर्णायक सबक सिखाएगी।

कांग्रेस नेता ने कहा, कि ‘मैं फिर से कह रहा हूं कि गुजरात में ‘इंडिया’ गठबंधन जीतने वाला है।’’ उन्होंने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कहा था कि गुजरात के अगले विधानसभा चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन भाजपा को पराजित करेगा। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा ने गुजरात में राहुल गांधी की इस बात को सही साबित कर दिया है कि सत्तारूढ़ पार्टी सिर्फ हिंसा एवं नफरत की राजनीति करती है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, कि ‘गुजरात में आरएसएस-भाजपा के लोगों द्वारा कांग्रेस कार्यालय पर कायराना एवं हिंसक हमला अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी ने संसद में जो कहा, भाजपा ने उसे सही साबित कर दिखाया कि वे सिर्फ हिंसा और नफरत की राजनीति करते हैं।’’ प्रियंका गांधी ने कहा कि गुजरात की जनता वक्त पर भाजपा को सबक जरूर सिखाएगी।

Exit mobile version