Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

BJP ने वायनाड में भूस्खलन की घटना का किया राजनीतिकरण : Priyanka Gandhi

November 4, 2024

BJP ने वायनाड में भूस्खलन की घटना का किया राजनीतिकरण : Priyanka Gandhi

Priyanka Gandhi Statement : कांग्रेस महासचिव और वायनाड लोकसभा सीट से संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की उम्मीदवार प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस साल जुलाई में हुई भूस्खलन की घटना का राजनीतिकरण किया। चुनाव प्रचार के दूसरे दिन की शुरुआत करते हुए उन्होंने सुल्तान बाथरी विधानसभा क्षेत्र के केनिचिरा में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, कि ‘जिस आपदा से लोगों को भारी पीड़ा हुई, उसका भी भाजपा ने राजनीतिकरण कर दिया..हम एक ऐसी जगह पर खड़े हैं, जहां आपको अपने देश, अपनी जरूरतों और आप जिस तरह की राजनीति चाहते हैं, उसके बारे में सोचना चाहिए।’’ भाजपा पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने कहा कि पूरे देश में नफरत फैला रही भाजपा की राजनीति की पहचान क्रोध, विभाजन और बर्बादी है।

उन्होंने कहा कि लोगों के समक्ष खड़े वास्तविक मुद्दों को नजरअंदाज किया जा रहा है और उनकी समस्याएं अनसुलझी हैं। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि बेरोजगारी अब तक के उच्चतम स्तर पर है और कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिनके रुकने का कोई संकेत नहीं है। प्रियंका गांधी ने कहा, कि ‘राजनीति इन मुद्दों को हल करने पर केंद्रित नहीं है। भाजपा की राजनीति का उद्देश्य पूरी तरह से आपका अपनी समस्याओं से ध्यान भटकाना है, क्योंकि इसका एकमात्र उद्देश्य सत्ता में बने रहना है, चाहे कोई भी कीमत चुकानी पड़े।’’ उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर भूस्खलन से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आवशय़क सहायता राशि देने में विफल रहने का भी आरोप लगाया।

प्रियंका गांधी ने कहा, कि ‘यदि आप मुझे संसद में अपना प्रतिनिधित्व करने का मौका देते हैं, तो मैं आपको दिखाऊंगी कि आपके लिए किसी और की तुलना में मैं अधिक मेहनत कर सकती हूं। मैं आपके मुद्दों को हर जगह उठाऊंगी। मैं आपके लिए लड़ूंगी और राज्य और केंद्र दोनों सरकारों पर दबाव डालूंगी। ’’ कांग्रेस नेता ने रविवार को अपने दूसरे चरण का चुनाव प्रचार फिर से शुरू किया और अपने भाई राहुल गांधी के साथ वायनाड निर्वाचन क्षेत्र में जनसभाएं और नुक्कड़ सभाएं कीं।राहुल गांधी के इस्तीफा देने के कारण वायनाड सीट पर उपचुनाव कराना पड़ रहा है। राहुल गांधी ने इस साल हुए आम चुनाव में वायनाड और उत्तर प्रदेश की रायबरेली दोनों लोकसभा सीट से जीत हासिल की थी। बाद में उन्होंने वायनाड सीट छोड़ दी जिसकी वजह से इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें