Site icon Dainik Savera Times

BJP को अपने वित्तीय लेन-देन पर लाना चाहिए ‘श्वेत पत्र’ : Mallikarjun Kharge

नई दिल्लीः कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार पर चंदा हासिल करने के लिए जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अपने वित्तीय लेन-देन पर ‘श्वेत पत्र’ लाना चाहिए। मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, कि ‘क्या अधिक चंदा पाने के लिए यह ब्लैकमेल, रंगदारी, लूट और जबरदस्ती थी ? ताजा जांच से पता चलता है कि ईडी, सीबीआई, आयकर विभाग के छापों के बाद 15 और कंपनियों ने भाजपा को चंदा दिया, जिससे कुल मिलाकर 45 कंपनियों ने भाजपा को लगभग 400 करोड़ रुपए का भुगतान किया है।’’

उन्होंने कहा कि खबरों के मुताबिक, चार ‘शेल’ कंपनियों ने भी भाजपा को पैसे दिए। मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि ‘‘तानाशाह मोदी सरकार’’ ने कांग्रेस पार्टी के बैंक खाते फ्रीज कर दिए हैं, जबकि वह केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग करके पैसे निकालती है। कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया, कि ‘भाजपा ने अपने लूट के खजाने को भरने के लिए असंवैधानिक और अवैध चुनावी बांड का इस्तेमाल किया और अपने चंदे की लूट को 10 गुना बढ़ाने के लिए चुनावी ट्रस्ट में भी हेरफेर किया है।’’ उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को ‘‘लोकतंत्र की जननी’’ की चिंता है तो उसे स्वतंत्र जांच के माध्यम से अपने वित्तीय लेन-देन पर श्वेत पत्र लाना चाहिए।’’

Exit mobile version