Site icon Dainik Savera Times

दक्षिण भारत में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी BJP, NDA 400 से अधिक सीट जीतेगा : PM Modi

भुवनेश्वरः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दक्षिण भारत में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी और चार जून को जब चुनाव परिणाम आएंगे तो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 400 से अधिक लोकसभा सीट जीतेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने एक साक्षात्कार में कहा, कि ‘पूरे देश के लिए हमारी रणनीति एक समान है। फिर एक बार मोदी सरकार और चार जून को 400 पार।’’ उन्होंने कहा कि उनके विरोधियों ने एक मिथक पैदा किया है कि भाजपा दक्षिणी राज्यों में कोई ताकत नहीं है या वहां उसकी मौजूदगी नहीं है।

उन्होंने कहा, कि ‘2019 के चुनाव को देखिए। तब भी दक्षिण भारत में सबसे बड़ी पार्टी भाजपा ही थी। एक बार फिर, मैं यह कहता हूं : इस बार दक्षिण में सबसे बड़ी पार्टी भाजपा होगी तथा उसके सहयोगियों को और अधिक सीटें मिलेंगी।’’ पीएम मोदी ने कहा, कि ‘हम दक्षिण भारत में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेंगे और बल्कि पिछली बार से भी अधिक अंतर से जीतेंगे।’’ उन्होंने बताया, कि ‘हमने पहले ही लोगों की सोच में बदलाव देखा है। हम दक्षिण क्षेत्र में अपनी सीटों की संख्या और मत प्रतिशत में भी बड़ी वृद्धि देखेंगे।’’ लोकसभा की 543 लोकसभा सीटों में से दक्षिण भारत में 131 सीटें हैं। निवर्तमान सदन में कर्नाटक से भाजपा के 29 सदस्य हैं। इसके अलावा उसे एक निर्दलीय सदस्य का समर्थन भी प्राप्त है।

प्रधानमंत्री मोदी ने लिखित जवाब में कहा कि बल्कि पूर्वी भारत में भी, ‘‘हम लोगों से भारी समर्थन मिलता देख रहे हैं..जिससे भुवनेश्वर, कोलकाता और बल्कि दिल्ली में भी मीडिया और राजनीति के कुछ वर्गों में लोगों की रात की नींद उड़ गई है।’’ उन्होंने कहा, कि ‘लोगों का आशीर्वाद हमें एक रिकॉर्ड तोड़ जनादेश तक लेकर जाएगा। हमें देश के सभी हिस्सों खासकर दक्षिण तथा पूर्वी भारत से और अधिक सीटें मिलेंगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘राजग 400 सीटों का आंकड़ा हासिल करने की ओर अग्रसर है।’’ पीएम मोदी ने कहा कि चुनाव के पिछले चरणों के सभी आकलन दिखाते हैं कि राजग मजबूत स्थिति में है जबकि कांग्रेस के साथ ही उसका ‘इंडिया’ गठबंधन कुछ राज्यों में अपना खाता तक खोलने के लिए संघर्ष कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने वीडियो साक्षात्कार में कहा कि ‘न केवल भौगोलिक उपस्थिति बल्कि विचारधारा के मामले में भी पहले दिन से’ ही भाजपा सही मायने में राष्ट्रीय पार्टी रही है। उन्होंने कहा, कि ‘हमारे लिए, राष्ट्र प्रथम हमारी विचारधारा की नींव है। अगर हम पश्चिम बंगाल या केरल के लिए फैसले लेते हैं तो यह राष्ट्र प्रथम के आधार पर होगा।’’ लोकसभा चुनाव के परिणामों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘हमने 400 पार का लक्ष्य तय किया है। चार चरणों के चुनाव के बाद, मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि हमारा आकलन सही है और हमारे आकलन से कहीं ज्यादा जनता जनार्दन का संकल्प दृढ़ है।’’

पीएम मोदी ने कहा कि दक्षिण भारत में भाजपा के कमजोर होने की धारणा उस अभियान का हिस्सा है जिसके तहत पार्टी को शहरी केंद्रित, पुरुष केंद्रित, उत्तर भारत केंद्रित और ‘बनिया-ब्राह्मण’ की पार्टी के रूप में चित्रित किया गया है। उन्होंने कहा, कि ‘एक मिथक फैलाया गया है। हमारे देश में वर्षों से एक ऐसा तंत्र रहा है जो देश को गुमराह करने और बर्बाद करने के लिए सभी प्रकार के मिथक पैदा करता है।’’ मोदी ने कहा, ‘‘यह भी कहा गया है कि हमारी पार्टी बनिया-ब्राह्मण की पार्टी है। लेकिन सबसे अधिक संख्या में दलित, ओबीसी और आदिवासी सांसद/विधायक भाजपा के हैं। वे जानबूझकर ऐसा करते हैं और ऐसा ही एक मिथक फैलाया गया है कि दक्षिण भारत में हमारी मौजूदगी नहीं है।’’

Exit mobile version