Site icon Dainik Savera Times

घर में सिलेंडर फटने से हुआ ब्लास्ट…पूरा घर हो गया ध्वस्त, एक ही परिवार के 6 लोगों की हुई मौत

बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शटरिंग का कारोबार करने वाले रियाजुद्दीन के घर में अचानक सिलेंडर फटने से भयानक हादसा हो गया। इस हादसे में अब तक 3 महिलाओं समेत 6 लोगों की मौत हो चुकी है। सूचना मिलने पर एसपी सिटी, एसडीएम सीओ और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य में जुटी हैं। जेसीबी की मदद से मलबा हटाने की कोशिश की जा रही है। हादसा सिकंदराबाद के गुलावठी रोड स्थित आशापुरी कॉलोनी में हुआ।

बुलंदशहर हादसे पर डीएम सीपी सिंह ने जानकारी दी है कि शटरिंग का काम करने वाले रियाजुद्दीन का मकान सिलेंडर फटने से जमीन पर गिर गया। बताया जा रहा है कि परिवार में 17 से 18 लोग रह रहे हैं, जिनमें से 8 घायलों को अस्पताल भेजा गया है। 2 लाेगाें को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर रात फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ के जवान मलबे में दबे 17 लोगों को बचाने में जुटे रहे। डीएम ने बताया कि मलबे में दबे परिवार के 10 सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।

जिला मजिस्ट्रेट चंद्र प्रकाश प्रियदर्शी ने मंगलवार को बताया कि शुरुआत में मृतकों की संख्या पांच थी जो मंगलवार की सुबह बढ़कर 6 हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान रियाजुद्दीन उर्फ राजू (50), उनकी पत्नी रुखसाना (45), सलमान (16), तमन्ना (24), हिफ्जा (तीन) और आस मोहम्मद (26) के रूप में हुई है।

बता दें, सिकंदराबाद इलाके में सोमवार रात सिलेंडर फटने से एक मकान ध्वस्त हो गया था जिसके मलबे में दबकर पांच लोगों की मौत होने की पुष्टि रात में ही हो गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिकंदराबाद की आशापुरी कॉलोनी में यह हादसा हुआ। आशापुरी कॉलोनी में सोमवार रात एक मकान में रखा सिलेंडर अचानक फटने से जोरदार धमाके के साथ मकान ध्वस्त हो गया और छत गिर गई।

Exit mobile version