Site icon Dainik Savera Times

Bomb Threat : कोच्चि से दिल्ली जा रही Indigo flight में बम की सूचना, नागपुर में हुई Emergency लैंडिंग

नेशनल डेस्क : कोच्चि से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट नंबर 6E 2706 में बम होने की सूचना मिलने के बाद मंगलवार को नागपुर एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करवाई गई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, विमान के सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। फ्लाइट ने सुबह 9:20 बजे कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। बम की धमकी मिलने के बाद विमान को तुरंत डायवर्ट कर नागपुर भेजा गया। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

सभी यात्री सुरक्षित, विमान की तलाशी जारी

इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। विमान को हवाई पट्टी से अलग सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया गया है, जहां पर बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) द्वारा गहन तलाशी की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए CISF, स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान की जांच की जा रही है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह धमकी वास्तविक है या शरारती तत्वों का काम। मेल या कॉल के ज़रिए मिली धमकी की साइबर जांच भी शुरू कर दी गई है।

धमकी की सूचना कैसे मिली ? जांच का विषय

अब तक मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, एयरलाइन अधिकारियों को इनपुट मिला था कि विमान में बम रखा गया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह सूचना ईमेल, कॉल या अन्य माध्यम से दी गई थी। सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू की जांच कर रही हैं।

Air India की फ्लाइट्स में भी खामियां सामने आईं…

इंडिगो की इस घटना से पहले, एयर इंडिया की दो उड़ानों में तकनीकी गड़बड़ी की खबरें भी सामने आई हैं…

-सैन फ्रांसिस्को से कोलकाता होते हुए मुंबई जा रही फ्लाइट में इंजन में तकनीकी खराबी के कारण कोलकाता में यात्रियों को उतारा गया।

-एक अन्य फ्लाइट AI-315, जो हांगकांग से दिल्ली जा रही थी, को उड़ान भरने के लगभग 90 मिनट बाद तकनीकी खराबी के संदेह में हांगकांग लौटना पड़ा।

-इसके साथ ही अहमदाबाद से लंदन की ओर जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI- 159 को आज रद्द कर दिया गया है। अहमदाबाद हादसे के बाद पहली बार AI की फ्लाइट लंदन जाने वाली थी।

यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि, जांच जारी

फिलहाल इंडिगो फ्लाइट 6E 2706 के सभी यात्री सुरक्षित हैं और हवाई अड्डे पर सख्त सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं। पुलिस और जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी देने के पीछे कौन है और उसकी मंशा क्या थी।

Exit mobile version