Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

सुरक्षाबलों का बड़ा एक्शन: पहलगाम हमले में शामिल आतंकी आसिफ के घर को बम से उड़ाया, आदिल के मकान पर चला बुलडोजर

April 25, 2025

सुरक्षाबलों का बड़ा एक्शन: पहलगाम हमले में शामिल आतंकी आसिफ के घर को बम से उड़ाया, आदिल के मकान पर चला बुलडोजर

Pahalgam terror attack : जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने आतंक के खिलाफ एक और बड़ा कदम उठाया है। हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले की जांच के बाद कार्रवाई करते हुए सुरक्षाबलों ने मुख्य आरोपी आतंकी आसिफ के घर को विस्फोटक से उड़ा दिया। साथ ही, हमले में शामिल दूसरे आतंकी आदिल के घर पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहलगाम हमले में कई सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे और हमले के पीछे स्थानीय आतंकियों का हाथ पाया गया था। जांच एजेंसियों द्वारा जुटाए गए सबूतों और खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बलों ने आसिफ के घर को पूरी तरह से तबाह कर दिया। इस दौरान इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।

आतंकी आदिल का घर भी ध्वस्त किया

वहीं, आदिल के घर पर भी प्रशासन ने अवैध निर्माण और आतंक से संबंध के आधार पर बुलडोजर चलाया। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर प्रशासन की ‘जीरो टॉलरेंस फॉर टेररिज्म’ नीति के तहत की गई है। माना जाता है कि वह पहलगाम हमले में शामिल था। आदिल ने 2018 में वैध तरीके से पाकिस्तान की यात्रा की थी, जहां उसने आतंकी ट्रेनिंग ली थी। वह पिछले साल जम्मू-कश्मीर लौटा था।

तीनों आतंकवादियों  पर 20-20 लाख रुपये का इनाम 

इस हमले में पुलवामा निवासी आसिफ शेख के शामिल होने का संदेह है। गुरुवार को पुलिस ने ठोकर और दो अन्य आतंकवादियों के स्केच जारी किए, जिनके बारे में कहा जा रहा है कि वे पहलगाम हमले में शामिल हैं। आपको बता दें कि पुलिस ने पहलगाम की बेसरान घाटी में पर्यटकों पर हमला करने वाले तीन आतंकवादियों के पोस्टर (स्केच) जारी किए थे। इसके साथ ही सूचना देने वालों को 20-20 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई।

अनंतनाग पुलिस ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में तीन आतंकवादियों के पोस्टर जारी किए और कहा कि आदिल हुसैन थोकर, हाशिम मूसा उर्फ ​​सुलेमान और अली भाई उर्फ ​​तल्हा भाई के बारे में जानकारी देने वाले को 20-20 लाख रुपये का इनाम मिलेगा। तीनों को लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का आतंकवादी बताया गया है और तीनों पर 20-20 लाख रुपये का अलग-अलग इनाम रखा गया है। पुलिस ने आतंकवादियों के बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने का भी आश्वासन दिया है।

स्थानीय प्रशासन का बयान:
“जो भी व्यक्ति या परिवार आतंकवाद में लिप्त होगा, उसे किसी भी प्रकार की सहानुभूति नहीं दी जाएगी। कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

इलाके में तनाव:
कार्रवाई के बाद पहलगाम और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और किसी भी घटना से बचने के लिए इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। सुरक्षाबल लगातार गश्त कर रहे हैं और इलाके की निगरानी ड्रोन से की जा रही है।

22 अप्रैल को पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ था हमला

आपको बता दें कि 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाकर 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कूटनीतिक कदम उठाए हैं। सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया गया है, वीजा रद्द कर दिए गए हैं तथा राजनेताओं को भारत छोड़ने को कहा गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें