Site icon Dainik Savera Times

संसद की सुरक्षा में सेंध काफी गंभीर मामला है: प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि संसद की सुरक्षा में सेंध काफी गंभीर मामला है और विपक्ष को इस मामले को लेकर विवाद नहीं खड़ा करना चाहिए। मोदी ने एक हिंदी समाचार पत्र से साक्षात्कार के दौरान कहा कि जांच एजेंसियां इस मामले की जांच कर रही है और कड़े कदम उठा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस हमले में शामिल लोगों और उनके मकसद की गहराई तक पहुंचना भी उतना ही जरूरी है। समाचार पत्र के अनुसार, मोदी ने सुरक्षा में सेंध की इस घटना को ‘‘पीड़ादायक और चिंताजनक’’ बताया। उन्होंने कहा, ‘‘सभी को एकसाथ समाधान खोजने का प्रयास करना चाहिए।

ऐसे मुद्दे पर वाद-विवाद या प्रतिरोध से सभी को बचना चाहिए।’’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘संसद में जो घटना हुई उसकी गंभीरता को जरा भी कम नहीं आंकना चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष इस मामले को लेकर पूरी गंभीरता के साथ आवश्य़क कदम उठा रहे हैं। 13 दिसंबर को लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दर्शक दीर्घा से दो लोग सदन के अंदर कूद गए थे। विपक्षी दल गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले पर बयान देने की मांग कर रहे हैं, कुछ नेताओं ने शाह के इस्तीफे की भी मांग की है।

Exit mobile version