Site icon Dainik Savera Times

कर्नाटक में दरिंदगी, इजरायली पर्यटक समेत दो महिलाओं के साथ गैंगरेप, साथी की हत्या

बेंगलुरु : कर्नाटक के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हम्पी से एक दिल दहला देने वाली घटना प्रकाश में आई है। जहां, कुछ अज्ञात लोगों ने एक विदेशी पर्यटक समेत दो महिलाओं के साथ गैंगरेप किया और उनके साथ मौजूद तीन पुरुषों के साथ मारपीट कर उन्हें पानी में फेंक दिया। इनमें से एक युवक का शव शनिवार सुबह बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि तीन लोगों ने मिलकर दो महिलाओं के साथ सामूहिक बलात्कार किया। इनमें से एक महिला 27 वर्षीय इजरायली पर्यटक थी और दूसरी एक स्थानीय होमस्टे संचालक। यह घटना तब हुई जब वे अन्य यात्रियों के साथ तारों को निहारने के लिए नहर किनारे पहुंची थीं।

कोप्पल में नहर किनारे वारदात को दिया अंजाम

यह घटना टेक्नोलॉजी हब बेंगलुरु से लगभग 350 किलोमीटर दूर कोप्पल में एक नहर के किनारे पर हुई। यह इलाका शांतिपूर्ण माना जाता है और पर्यटक वहां अक्सर सुकून के पल बिताने जाते हैं।

 यात्रियों को नहर में धकेला

गुनहगारों ने पहले समूह में मौजूद तीन पुरुष यात्रियों को निशाना बनाया। उन्होंने इन पुरुषों को जबरदस्ती नहर में धकेल दिया। तीनों में से दो यात्री—अमेरिका के डेनियल और महाराष्ट्र के पंकज किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन ओडिशा के बिबाश डूब गए। पुलिस ने शनिवार सुबह उनका शव बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, यह घटना तब शुरू हुई जब मोटरसाइकिल पर आए तीन बदमाशों ने पहले पेट्रोल पंप का रास्ता पूछा और फिर यात्रियों से 100 रुपये मांगे। जब यात्रियों ने पैसा देने से मना कर दिया तो आरोपी हिंसक हो गए। उन्होंने पुरुषों पर हमला किया और फिर उन्हें नहर में धकेल दिया। इसके बाद, उन्होंने दोनों महिलाओं को निशाना बनाया और उनके साथ सामूहिक बलात्कार किया।

आरोपियों की तलाश जारी

कोप्पल जिले के पुलिस अधीक्षक राम एल. अरासिद्दी ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें सामूहिक बलात्कार, डकैती और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए छह विशेष टीमें बनाई हैं और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पीड़िता की शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी थी और फिलहाल जांच जारी है।\

ये भी पढ़ें- शादी के बाद पहले बर्थडे पर रश्मिका को मिला करोड़ों का खास तोहफा 

Exit mobile version