Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

BSF की बड़ी कार्रवाई: 3 पाकिस्तानी ड्रोन और 1.57kg हेरोइन सहित एक तस्कर को किया गिरफ्तार

April 21, 2025

BSF की बड़ी कार्रवाई: 3 पाकिस्तानी ड्रोन और 1.57kg हेरोइन सहित एक तस्कर को किया गिरफ्तार

चंडीगढ़: भारत-पाकिस्तान सीमा पर सुरक्षा तंत्र की सतर्कता ने एक बार फिर नार्को-आतंक नेटवर्क की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पंजाब के अमृतसर, फिरोजपुर और तरनतारन जिलों में चलाए गए संयुक्त अभियानों में तीन पाकिस्तानी ड्रोन और 1.57 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है। साथ ही एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में था।

-गुप्त सूचना के आधार पर चलाए कई ऑपरेशन

बीएसएफ के पंजाब फ्रंटियर के जनसंपर्क अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर कई ऑपरेशन चलाए गए। फिरोजपुर के हबीबवाला गांव में बीएसएफ और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 1.029 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसी ऑपरेशन में एक स्थानीय तस्कर को भी पकड़ा गया, जो सीमापार तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त, अमृतसर के राजाताल और दाओके क्षेत्र, फिरोजपुर के गट्टी राजोके, और तरनतारन के दल गांव में डीजेआई माविक-3 क्लासिक मॉडल के तीन पाकिस्तानी ड्रोन बरामद किए गए। इन इलाकों से कुल 545 ग्राम अतिरिक्त हेरोइन भी मिली।

-अधिकारियों का मानना है कि

सीमा पर तैनात उन्नत इलेक्ट्रॉनिक जवाबी उपायों और निगरानी तकनीकों के चलते ये ड्रोन भारतीय सीमा में प्रवेश करते ही निष्क्रिय हो गए और ज़मीन पर गिर पड़े। बीएसएफ और पंजाब पुलिस के बीच बेहतरीन तालमेल और खुफिया सूचनाओं पर की गई त्वरित कार्रवाई ने इस सफलता को संभव बनाया।

बीएसएफ का कहना है कि यह अभियान पाकिस्तान समर्थित नार्को-आतंक नेटवर्क के खिलाफ चल रही लगातार कार्रवाई का हिस्सा है। आने वाले दिनों में ऐसे ऑपरेशनों को और तेज किया जाएगा ताकि सीमावर्ती इलाकों को नशे और आतंक की गिरफ़्त से मुक्त रखा जा सके।

ये भी पढ़ें- Weather: कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी, जानें आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम का हाल

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें