Site icon Dainik Savera Times

इस मशहूर फिल्म डायरेक्टर के खिलाफ दर्ज हुआ मामला, ड्राइवर पर चाकू से हमला करने का आरोप, जानें- पूरा मामला

Film Director Manish Gupta: बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता और निर्देशक मनीष गुप्ता एक गंभीर आरोप में फंसते नजर आ रहे हैं। वर्सोवा पुलिस ने गुप्ता के ड्राइवर मोहम्मद लश्कर पर चाकू से हमला करने के आरोप में उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 118(1), 115(2) और 352 के तहत एफआईआर दर्ज की है। हालांकि, अब तक गुप्ता की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

ऑफिस में हुआ विवाद, फिर हमला

घटना 5 जून की शाम करीब 8:30 बजे वर्सोवा, अंधेरी (पश्चिम) स्थित सागर संजोग बिल्डिंग में स्थित गुप्ता के ऑफिस में हुई। आरोप है कि गुप्ता ने अपने पूर्व ड्राइवर मोहम्मद लश्कर पर बहस के दौरान रसोई के चाकू से हमला किया, जिससे लश्कर के पेट के दाहिने हिस्से पर चोट आई।

वेतन न मिलने से था नाराज़ ड्राइवर

38 वर्षीय मोहम्मद लश्कर पिछले तीन वर्षों से मनीष गुप्ता के ड्राइवर के रूप में कार्यरत थे और उन्हें ₹23,000 मासिक वेतन मिलता था। लश्कर ने आरोप लगाया कि गुप्ता अक्सर समय पर वेतन नहीं देते थे और मई माह का वेतन बकाया था। 30 मई को गुप्ता ने उन्हें नौकरी से निकाल दिया था।

3 जून को जब लश्कर ने वेतन की मांग की, तो गुप्ता ने उन्हें वापस काम पर रखने का वादा किया। 4 जून को वह दोबारा काम पर लौटे, लेकिन वेतन नहीं मिला। 5 जून को जब उन्होंने फिर वेतन मांगा, तो गुप्ता ने गाली-गलौज की और उन पर चाकू से हमला कर दिया।

ऑटो से अस्पताल पहुंचे घायल ड्राइवर

हमले के बाद लश्कर किसी तरह ऑफिस से बाहर निकले और पास के ड्राइवर व वॉचमैन से मदद लेकर ऑटो-रिक्शा से विले पार्ले स्थित कूपर अस्पताल पहुंचे। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। ठीक होने पर उन्होंने वर्सोवा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई।

मनीष गुप्ता के वकील ने किया आरोपों से इनकार

मनीष गुप्ता की ओर से उनके वकील दिनेश तिवारी ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि यह मामला केवल वसूली की नीयत से रचा गया है। उन्होंने दावा किया कि मोहम्मद लश्कर का आपराधिक रिकॉर्ड है। फिलहाल वर्सोवा पुलिस इस मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और घटना की जांच जारी है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

Exit mobile version