Site icon Dainik Savera Times

केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड को बनाएंगे ‘बागवानी हब’: केंद्रीय कृषि मंत्री Shivraj Singh Chouhan

देहरादून। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र और उत्तराखंड सरकार मिलकर प्रदेश को बागवानी का ‘नेशनल हब’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्रीय मंत्री ने डोईवाला विधानसभा के रायपुर खंड के पाववाला सौड़ा गांव में ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के तहत किसान चौपाल में किसानों से कहा, उत्तराखंड के फल, अनाज और सब्जियों की गुणवत्ता अद्वितीय है और उनमें वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने की पूरी क्षमता है। उन्होंने कहा, केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड को बागवानी का राष्ट्रीय हब बनाएंगी। चौहान ने इस दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधरोपण भी किया।

 

 

केंद्रीय कृषि मंत्री ने लीची, बासमती चावल, कटहल और सब्जी उत्पादकों के साथ बातचीत की और बीज, सिंचाई, विपणन, फसल बीमा योजना व कृषि उत्पादों के उचित मूल्य के संबंध में अपनी बातें रखीं। उन्होंने कहा, मैं स्वयं किसान परिवार से हूं, किसान का दर्द जानता हूं। इसी कारण आज सीधे खेत में आकर खाट पर बैठा हूं, ताकि यह जान सकूं कि सरकार की योजनाओं का लाभ जमीन तक पहुंच रहा है या नहीं। किसानों से सीधा संवाद ही उनकी सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करता है।चौहान ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार खेती के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार, उत्तराखंड सरकार के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करेगी कि यहां के किसानों को न केवल आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ मिले, बल्कि उनके उत्पादों के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बाजार भी उपलब्ध हो। चौहान ने यह भी कहा कि प्राकृतिक खेती, तकनीकी नवाचार और जल संरक्षण पर विशेष बल देकर खेती को भविष्य में अधिक लाभकारी बनाया जाएगा।

 

Exit mobile version