Site icon Dainik Savera Times

चिराग पासवान का बड़ा बयान, पीएम मोदी ने विदेश से लेकर राष्ट्र नीति तक में बड़े बदलाव किए

Chirag Paswan

Chirag Paswan

पटना। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने जीएसटी 2.0 को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद दिया। वहीं, विपक्ष की आलोचना को लेकर पलटवार भी किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की सोच चित्त भी मेरी, पट भी मेरा गलत है। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सारे देशवासियों की मनोकामना जीएसटी स्लैबों में कमी कर पूरी की है। खाद्य प्रसंस्करण विभाग से जुड़े व्यापारियों की यह काफी पुरानी मांग थी। उनका कहना था कि जीएसटी में अलग-अलग स्लैब से परेशानी होती थी। इसे दो स्लैब में रखा जाए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस बड़ी मांग को स्वीकार किया। जीएसटी को सिर्फ दो स्लैब में ही रखा गया, जिसमें अधिकांश चीजें खासतौर पर उनके विभाग से जुड़ी 90 प्रतिशत चीजें हैं, जिनमें पांच प्रतिशत या शून्य प्रतिशत टैक्स रह गया है। इससे ग्राहक को बहुत बड़ी राहत मिली है। इस राहत की शुरुआत नवरात्रि के पहले दिन हुई है, इससे खूबसूरत कुछ नहीं हो सकता।

 

‘जीएसटी में सुधार सभी के सर्वसम्मति से हुआ है’
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के सवाल उठाने पर चिराग ने कहा, ‘उन लोगों का क्या कहना है? जीएसटी को बढ़ा दिया जाए? महंगाई को बढ़ा दिया जाए? विपक्ष क्या कहता है, मुझे समझ नहीं आता। ये वही लोग हैं, जो खुद समय-समय पर सुझाव देते रहे हैं। एसआईआर पर भी सवाल खड़ा करते थे। वोटर लिस्ट में सुधार की मांग थी, जब प्रक्रिया शुरू की गई तो स्वीकार नहीं हो रहा है। जीएसटी में सुधार हुआ है, वह भी सर्वसम्मति से हुआ है।‘

उन्होंने सवाल उठाया कि अगर असहमति थी तो इनके शासन वाले राज्यों ने सहमति क्यों दी? हर चीज में राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी के बयान पर कहा कि आज दुनिया हमारे प्रधानमंत्री की सोच, उनकी नीतियों को अपनाने का काम कर रही है, ऐसे में अपने ही देश में पीएम के बारे में इस तरह की भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। भारत के प्रधानमंत्री कमजोर हैं, एक कमजोरी आप बता दीजिए कि प्रधानमंत्री की कमजोरी दिखी हो।

चिराग ने कहा- राष्ट्र नीति में पीएम मोदी ने किये बड़े बदलाव
चिराग ने कहा कि विदेश से लेकर राष्ट्र नीति तक में बड़े बदलाव अगर किसी प्रधानमंत्री ने किए हैं तो वह पीएम मोदी हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाया, राम मंदिर का निर्माण हुआ, जीएसटी में बड़ा बदलाव आया। क्या कोई पीएम ऐसा कर सकता था? इससे पहले जो प्रधानमंत्री रहे हैं, क्या उन्होंने पाकिस्तान में जाकर सजर्किल स्ट्राइक की या आतंकियों को उनके गढ़ में जाकर नेस्तनाबूद किया? राहुल गांधी के परिवार के लोग भी पीएम थे।

‘मैं हमेशा कहता आया हूं कि राबड़ी देवी हमारी माता के समान हैं’
तेजस्वी यादव की सभा में प्रधानमंत्री मोदी के लिए अमर्यादित शब्दों के इस्तेमाल को लेकर उन्होंने कहा, ‘छोटे भाई तेजस्वी यादव यह क्यों नहीं समझ पाते हैं, यह गलत है। पिछले लोकसभा चुनाव के समय भी जमुई की सभा में मेरी माता को लेकर टिप्पणी की गई थी, वैसे ही कॉपी-पेस्ट दोबारा हम लोगों ने देखा है कि तेजस्वी यादव सामने भाषण दे रहे हैं और प्रधानमंत्री के लिए अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

उन्होंने सलाह देते हुए कहा कि अगर तेजस्वी यादव ऐसे लोगों को एक बार रोक देते तो दोबारा किसी की हिम्मत नहीं होती। लेकिन, उनका मौन रहना बिल्कुल ठीक नहीं है। मैं हमेशा कहता आया हूं कि राबड़ी देवी हमारी माता के समान हैं। मेरे सामने अगर कोई राबड़ी देवी जी को गलत कहे तो उसी समय करारा जवाब दूंगा।‘

 

Exit mobile version