खेल डेस्क: एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत से हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट एक बार फिर विवादों में घिर गया है, और इस बार विवाद सिर्फ हार को लेकर नहीं बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन और गृह मंत्री मोहसिन नकवी के व्यवहार को लेकर है। पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने इस पूरे मामले में कड़ी प्रतिक्रिया दी है और साफ कहा है कि मोहसिन नकवी को अब तय करना होगा कि वो क्रिकेट चलाना चाहते हैं या राजनीति क्योंकि दोनों एक साथ नहीं चल सकते
क्रिकेट और गृह मंत्रालय दोनों फुल-टाइम काम है: अफरीदी
टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट्स से बातचीत में अफरीदी ने मोहसिन नकवी को सलाह देते हुए कहा, “नकवी साहब से मेरा अनुरोध है कि क्रिकेट बोर्ड और गृह मंत्रालय दोनों ही बहुत अहम जिम्मेदारियां हैं। इनमें पूरा समय और ध्यान देना पड़ता है। पीसीबी को राजनीतिक दबाव से अलग और स्वतंत्र रूप से चलाना चाहिए।” उन्होंने ये भी माना कि यह फैसला लेना आसान नहीं होगा, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट के भविष्य के लिए जरूरी है।
यह भी पढ़ें: Asia Cup Trophy Controversy: ट्रॉफी न मिलने के बावजूद भारतीय टीम का अनोखा जश्न, तस्वीरें वायरल
नकवी की क्रिकेट समझ और सलाहकारों पर उठाए सवाल
अफरीदी ने यह भी कहा कि मोहसिन नकवी खुद स्वीकार कर चुके हैं कि उन्हें क्रिकेट की ज्यादा समझ नहीं है। ऐसे में जो लोग उन्हें सलाह दे रहे हैं, वे भी खेल को सही दिशा नहीं दे पा रहे। उन्होंने कहा, “ऐसे सलाहकार जो खुद क्रिकेट की बारीकियां नहीं जानते, उनसे कोई फायदा नहीं होगा। पीसीबी को चलाने के लिए सही लोगों की ज़रूरत है। ये सिर्फ नाम का पद नहीं है, इसे जिम्मेदारी से निभाना होता है।”
ट्रॉफी विवाद ने पाकिस्तान को शर्मिंदा किया
फाइनल मुकाबले के बाद सबसे बड़ा विवाद ट्रॉफी को लेकर हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय टीम ने पहले ही साफ कर दिया था कि वे ट्रॉफी मोहसिन नकवी से नहीं लेंगे। वे चाहते थे कि ट्रॉफी उन्हें एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) या किसी तटस्थ अधिकारी के हाथों मिले। लेकिन नकवी ने इसके बावजूद ट्रॉफी खुद देने की कोशिश की, और जब भारत ने मना किया, तो उन्होंने ट्रॉफी को सीधे ACC ऑफिस भिजवा दिया। भारतीय टीम ने बिना ट्रॉफी के ही जीत का जश्न मनाया। इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान की काफी बदनामी की।
यह भी पढ़ें: Asia Cup में शानदार प्रदर्शन से अभिषेक शर्मा ने बनाया नया रिकॉर्ड, रैंकिंग में बरकरार रखी पकड़
राजनीति और क्रिकेट साथ नहीं चल सकते: अफरीदी
अफरीदी ने जोर देकर कहा कि मोहसिन नकवी को अब तय करना होगा। उन्होंने कहा, “अगर वे राजनीति में रहना चाहते हैं, तो क्रिकेट से हट जाएं। अगर क्रिकेट को बचाना है, तो राजनीति से दूरी बनानी होगी। ये दोहरी भूमिका पाकिस्तान क्रिकेट को और पीछे ले जा रही है।” उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसे ही चलता रहा, तो पाकिस्तान क्रिकेट को और नुकसान होगा।

