Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

सिनेमा जगत को लगा बड़ा झटका… इस मशहूर South Actor का हुआ निधन, फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर

July 13, 2025

सिनेमा जगत को लगा बड़ा झटका… इस मशहूर South Actor का हुआ निधन, फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर

Kota Srinivasa Rao Death : तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जाने-माने अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव का रविवार, 13 जुलाई की सुबह 4 बजे हैदराबाद स्थित उनके निवास पर लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। 83 वर्षीय कोटा श्रीनिवास राव अपने दमदार अभिनय, खासकर खलनायक की भूमिकाओं के लिए साउथ सिनेमा में बेहद प्रसिद्ध थे। उनके निधन की खबर से न केवल तेलुगू सिनेमा बल्कि पूरे भारतीय फिल्म उद्योग में शोक की लहर दौड़ गई है।

थियेटर से फिल्मों तक का सफर

10 जुलाई 1942 को आंध्र प्रदेश के कांकीपाडु में जन्मे कोटा श्रीनिवास राव एक प्रतिष्ठित परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनके पिता डॉ. सीता राम अंजनेयुलु एक डाक्टर थे। पहले वे अपने पिता की राह पर चलना चाहते थे, लेकिन कॉलेज के दिनों में उन्हें अभिनय में रुचि जगी और उन्होंने थियेटर से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। साथ ही वे स्टेट बैंक में नौकरी भी करते रहे।

1978 में फिल्म ‘प्रणाम खरीदु’ से उन्होंने तेलुगू सिनेमा में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और 700 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया। वे अपने खलनायक और चरित्र भूमिकाओं के लिए विशेष रूप से पहचाने जाते थे।

राजनीति में भी आजमाया हाथ

फिल्मी करियर के साथ-साथ कोटा श्रीनिवास राव ने राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभाई। वे 1990 के दशक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए और 1999 में विजयवाड़ा से आंध्र प्रदेश विधानसभा के सदस्य चुने गए थे। उनकी पहचान एक सशक्त वक्ता और समाजसेवी के रूप में भी थी।

अफवाहों से लेकर हकीकत तक

गौरतलब है कि इससे पहले भी उनकी मौत की अफवाहें फैल चुकी थीं, जिसे उन्होंने खुद एक वीडियो जारी कर खारिज किया था। उन्होंने उस वक्त कहा था कि अफवाह फैलाना किसी की जान के साथ खेलने जैसा है।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने दी श्रद्धांजलि

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया कि “अपनी बहुमुखी भूमिकाओं से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव का निधन अत्यंत दुखद है। चार दशकों तक रंगमंच और सिनेमा में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। खलनायक और चरित्र अभिनेता के रूप में उनकी निभाई गई भूमिकाएं हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगी। उनका निधन तेलुगू सिनेमा के लिए अपूरणीय क्षति है।”

फिल्म जगत और फैंस में शोक

कोटा श्रीनिवास राव के निधन की खबर से साउथ सिनेमा के कलाकारों, निर्देशकों, राजनेताओं और प्रशंसकों में गहरा शोक है। सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। फैंस उनकी यादगार फिल्मों और संवादों को याद कर रहे हैं।

अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार

परिवार के अनुसार, कोटा श्रीनिवास राव का अंतिम संस्कार 13 जुलाई की शाम हैदराबाद में किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर सिनेमा जगत की हस्तियों और प्रशंसकों का तांता लगा हुआ है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें