Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘पंजे और लालटेन वालों ने बिहार के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई’, सीवान से PM मोदी का जोरदार हमला

June 20, 2025

‘पंजे और लालटेन वालों ने बिहार के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई’, सीवान से PM मोदी का जोरदार हमला

सीवान: बिहार दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सीवान में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला और बिहार को कई विकास योजनाओं की सौगात भी दी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सीवान की धरती संविधान और स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणादायक भूमि है। उन्होंने कहा कि बिहार हर क्षेत्र में तेज़ी से तरक्की कर रहा है और आने वाले समय में भारत को महाशक्ति बनाने में बिहार की बड़ी भूमिका होगी।

पीएम ने विपक्ष पर बोला हमला

पीएम मोदी ने कहा कि जो पार्टियां पहले बिहार में जंगलराज लेकर आई थीं, वे अब फिर से मौका तलाश रही हैं। उन्होंने कहा, “पंजे और लालटेन वालों ने बिहार के स्वाभिमान को गहरी ठेस पहुंचाई। ये लोग बिहार को पलायन और गरीबी का प्रतीक बना चुके थे। हर चुनाव में गरीबी हटाने की बात करते थे, लेकिन कुछ नहीं किया। अब जब से एनडीए सरकार आई है, गरीबी कम हो रही है। देश की 25 करोड़ आबादी गरीबी रेखा से बाहर आ चुकी है।”

5736 करोड़ रुपये की सौगात

सीवान में अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी ने बिहारवासियों को कुल 5736 करोड़ रुपये की 22 योजनाओं की सौगात दी। इसमें शामिल हैं, प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 53,666 लोगों को पहली किस्त के रूप में 536 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। 6,684 गरीब शहरी परिवारों को पक्के मकानों की चाबी सौंपी गई। वहीं, 11 अमृत भारत स्टेशन परियोजनाओं और 4 नमामि गंगे परियोजनाओं की नींव रखी गई, जिन पर 2997 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

विकास की अन्य घोषणाएं

-पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई
-वैशाली से देवरिया तक नई रेल लाइन की शुरुआत
-मढौरा की फैक्ट्री में बना इंजन अब विदेशों में होगा निर्यात

नीतीश और सम्राट चौधरी भी रहे साथ

पीएम मोदी हेलीकॉप्टर से सीवान के जसौली गांव पहुंचे। यहां से वे खुली जीप में जनसभा स्थल तक गए। उनके साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री मोदी का ये 6 महीनों में चौथा और 20 दिनों में दूसरा बिहार दौरा है। इससे साफ है कि बिहार में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा पूरी तैयारी में है। सीवान के बाद पीएम मोदी ओडिशा के भुवनेश्वर जाएंगे, जहां वे नई सरकार के एक साल पूरा होने पर कार्यक्रम में शामिल होंगे और 18 हजार करोड़ की योजनाएं लॉन्च करेंगे। फिर वे विशाखापट्टनम (आंध्रप्रदेश) में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें