Site icon Dainik Savera Times

अक्षय तृतीया पर CM फडणवीस ने किया ‘वर्षा’ बंगले में गृह प्रवेश, बेटी दिविजा ने 10वीं में प्राप्त किए शानदार अंक

महाराष्ट्र डेस्क : अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने परिवार के साथ मुंबई स्थित प्रतिष्ठित सरकारी निवास ‘वर्षा’ बंगले में गृह प्रवेश किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री फडणवीस, उनकी पत्नी अमृता फडणवीस और बेटी दिविजा फडणवीस भी मौजूद रहे। गृह प्रवेश के साथ ही इस सरकारी बंगले को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं और अटकलों पर विराम लग गया। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

वर्षा बंगले में पूजा अर्चना के बाद गृह प्रवेश

आपको बता दें कि देवेंद्र फडणवीस ने वर्षा बंगले में गृह प्रवेश से पहले पूजा अर्चना की। इस अवसर को उनकी बेटी दिविजा फडणवीस की सफलता ने और भी खास बना दिया। दिविजा ने सीआईएससीई बोर्ड की 10वीं परीक्षा में 92.60% अंक हासिल किए, जिससे पूरे परिवार और राज्य का मान बढ़ा।

अमृता फडणवीस ने दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री की पत्नी अमृता फडणवीस ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “सभी को अक्षय तृतीया की हार्दिक शुभकामनाएं। आज के इस शुभ मुहूर्त पर हमने ‘वर्षा’ निवास स्थान में एक छोटी-सी पूजा संपन्न कर गृह प्रवेश किया।” उन्होंने आगे यह भी लिखा, “हम बहुत खुश हैं कि हमारी बेटी दिविजा ने दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में 92.60 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।”

राजनीतिक विवादों का सिलसिला

दरअसल, वर्षा बंगले में गृह प्रवेश को लेकर राजनीतिक विवाद भी गर्माया था। शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत ने दावा किया था कि पूर्व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने वर्षा बंगले में कोई ‘काली पूजा’ करवाई थी, जिससे फडणवीस वहां जाने से डर रहे थे। राउत ने यह भी कहा था, “वर्षा बंगले में कुछ अंधविश्वास जैसा किया गया था, इसलिए सीएम वहां नहीं जा रहे थे।”

बीजेपी और शिंदे ने खारिज किए आरोप

इन आरोपों पर बीजेपी और एकनाथ शिंदे ने जोरदार विरोध जताया और संजय राउत के दावों को सिरे से खारिज कर दिया। शिंदे ने राउत को “मानसिक रूप से अस्थिर” तक करार दिया। इसके बाद, जब देवेंद्र फडणवीस ने वर्षा बंगले में गृह प्रवेश कर लिया, तो इन सभी विवादों पर विराम लग गया।

आगे क्या होगा ?

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि सीएम फडणवीस के गृह प्रवेश के बाद राजनीतिक बयानबाज़ी का सिलसिला रुकेगा या फिर किसी और नए विवाद को जन्म देगा। फिलहाल, यह गृह प्रवेश उनके लिए व्यक्तिगत और राजनीतिक रूप से एक खास क्षण साबित हुआ है।

Exit mobile version