नेशनल डेस्क: असम की राजनीति में जुबानी जंग तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के असम दौरे और उनके एक कथित बयान पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जो खुद देशभर में आपराधिक मामलों में जमानत पर हैं, वो दूसरों को जेल भेजने की बात कर रहे हैं।
राहुल गांधी का बयान
राहुल गांधी हाल ही में असम दौरे पर थे। वहां उन्होंने कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) के साथ एक बंद कमरे में बैठक की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने कथित तौर पर कहा, “लिख कर ले लीजिए, हिमंत बिस्वा सरमा को जेल भेजा जाएगा।” यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
सीएम सरमा का पलटवार
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “राहुल गांधी आराम से भूल गए कि वो खुद देशभर में कई आपराधिक मामलों में जमानत पर हैं।” उन्होंने यह भी लिखा कि राहुल सिर्फ उन्हें जेल भेजने की बात करने के लिए असम आए हैं। सरमा ने आगे लिखा, “असम की मेहमाननवाजी का आनंद लीजिए राहुल जी!”
राहुल गांधी पर कौन-कौन से केस हैं?
सीएम सरमा ने अपने पोस्ट में राहुल गांधी के खिलाफ चल रहे मामलों का जिक्र किया। सबसे चर्चित मामला ‘मोदी सरनेम’ टिप्पणी से जुड़ा है, जिसमें उन्हें मानहानि के आरोप में दो साल की सजा सुनाई गई थी। हालांकि इस सजा पर कोर्ट ने रोक लगा दी और उन्हें जमानत मिल गई। राहुल गांधी पर देश के कई हिस्सों में अन्य आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं।
राजनीतिक माहौल गरमाया
यह बयानबाजी ऐसे समय पर हुई है जब कांग्रेस असम में अपनी रणनीति को मजबूत करने की कोशिश में जुटी है। वहीं बीजेपी इसे राजनीतिक बदले की भावना बता रही है। राहुल गांधी और सीएम सरमा के बीच यह बयानबाजी आने वाले चुनावों के मद्देनज़र और तेज हो सकती है। इस जुबानी जंग से साफ है कि असम की सियासत अभी और गरमाएगी।

