Dainik Savera Times

CM केजरीवाल ने दी धरने पर बैठने की चेतावनी, भाजपा मुख्यालय के आसपास धारा 144 लागू

New Delhi: Delhi CM and AAP convenor Arvind Kejriwal and party MP Sanjay Singh during a protest march, in New Delhi, Sunday, May 19, 2024.(PTI Photo/Ravi Choudhary) (PTI05_19_2024_000125A)

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को भाजपा मुख्याल्य की तरफ विरोध मार्च निकालने से पहले यहां आप मुख्यालय पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस उन्हें जहां तक जाने देगी वे जायेंगे और फिर आधे घंटे के लिए वहीं बैठ जाएंगे, और यदि उन्हें ‘गिरफ्तार नहीं किया जाता तो यह भगवा पार्टी की हार होगी‘। उन्होंने कर्यकर्ताओं से कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आप को मिटाने का मन बना लिया है। उन्होंने ऑपरेशन झाड़ू नाम का एक ऑपरेशन शुरू किया है। मुझे इसके बारे में कैसे पता चला? कई लोग प्रधानमंत्री से मिलते हैं और उनमें से कुछ हमें भी जानते हैं। उनसे मुलाकात के बाद उन्होंने हमें यह बताया।

‘मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सबका यही कहना है कि प्रधानमंत्री ने आप के बारे में बात की और कहा कि ‘आप तेजी से उभर रही है और पूरे देश में लोग उसके काम की सराहना कर रहे हैं। आने वाले समय में राष्ट्रीय और राज्यों के स्तर पर आप भाजपा के लिए गंभीर चुनौती हो सकती है। इसलिए, भाजपा यह मानती है और कहती है कि इस पार्टी को तुरंत मिटा देना चाहिए‘।

केजरीवाल ने कहा कि ऑपरेशन झाड़ू के तहत आप के वरिष्ठ नेताओं को गिरफ्तार किया जाएगा और किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में आप का बैंक खाता सीज किया जाएगा। ईडी ने अदालत में कहा है कि वह चुनाव के बाद आप का बैंक खाता सीज करेगा। वे आप का कार्यालय भी खाली करवा लेंगे।

उन्होंने कहा, ‘उन्हें लगता है कि वे आप को खत्म कर सकते हैं? आप 140 करोड़ लोगों के सपनों की पार्टी है। दिल्ली और पंजाब में गरीबों के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिल रही है, जो मोदी नहीं दे पाये। इसलिए उन्होंने हमें मिटाने का फैसला कर लिया। हमने मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया और मोहल्ला क्लीनिक खोले, जो वे नहीं कर सके। हमने मुफ्त बिजली दी है।

‘मैं प्रधानमंत्री को बताना चाहता हूं कि आप एक नेता को गिरफ्तार करेंगे, सौ और पैदा होंगे। आप एक केजरीवाल को गिरफ्तार करेंगे, हजार और केजरीवाल खड़े होंगे। वर्ष 2015 से ही उन्होंने हम पर कई आरोप लगाये हैं। अब शराब घोटाला आया है, लेकिन पैसा कहां है। उन्होंने झूठे मामले बनाकर हमें गिरफ्तार किया है। ‘आप नेता ने कहा कि मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और संजय सिंह जेल में हैं। उनके पीए को भी जेल में डाल दिया गया। वे कह रहे हैं कि वे राघव चड्ढा को भी जेल में डाल देंगे, जो हाल ही में लंदन से लौटे हैं, आतिशी, कैलाश गहलोत और सौरभ भारद्वाज को भी।

केजरीवाल ने कहा, ‘मैं प्रधानमंत्री को बताना चाहता हूं कि हम एक साथ आ रहे हैं। हमें गिरफ्तार कीजिये। आप जहां तक हमें जाने देंगे हम जाएंगे, और हम वहीं बैठ जाएंगे। हम आधे घंटे इंतजार करेंगे, और यदि हमें गिरफ्तार नहीं किया जाता है तो यह उनकी (भाजपा) की हार होगी।‘

इस मौके पर आप नेता संजय सिंह और राघव चड्ढा, दिल्ली के मंत्री गोपाल राय और आतिशी तथा पार्टी विधायक और कार्यकर्ता मौजूद थे। आप के विरोध मार्च को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने आईटीओ मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया।

दिल्ली पुलिस ने भाजपा मुख्यालय के आसपास धारा 144 लगा दी और वाटर कैनन तैनात कर दिये। पूरे डीडीयू मार्ग पर भारी पुलिस बल की तैनाती का गई है।

Exit mobile version