Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM Mann ने IGI Airport पर पंजाब हेल्प सेंटर का किया उद्घाटन, पंजाबियों और NRI को मिलेगी 24 घंटे सहायता

August 8, 2024

CM Mann ने IGI Airport पर पंजाब हेल्प सेंटर का किया उद्घाटन, पंजाबियों और NRI को मिलेगी 24 घंटे सहायता

नई दिल्ली : पंजाब सरकार ने दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जाने वाले एनआरआई और पंजाबियों की सुविधा के लिए हेल्प सेंटर बनाया है। लोगों की सुविधा के लिए यहां 24 घंटे कर्मचारी तैनात रहेंगे। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने आज हेल्प सेंटर का उद्घाटन किया। इस प्रोजेक्ट के लिए पंजाब सरकार ने एक निजी कंपनी के साथ समझौता किया है। इस हेल्प सेंटर की घोषणा सीएम मान ने पहले ही कर दी थी और आज उन्होंने इसका उद्घाटन कर लोगों को समर्पित किया।

इंदिरा गांधी एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 पर बने इस सेंटर में लोगों को फ्लाइट, कनेक्टिंग फ्लाइट, टैक्सी सर्विस, गुम हुए सामान और एयरपोर्ट पर किसी भी तरह की मदद मिलेगी। साथ ही, इमरजेंसी की स्थिति में यात्रियों या उनके रिश्तेदारों के लिए दिल्ली के पंजाब भवन में उपलब्धता के आधार पर कुछ कमरे उपलब्ध कराए जाएंगे। हेल्प सेंटर बनाने का उद्देश्य इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले पंजाबियों और एनआरआई की परेशानियों को कम करना है।

बताया जा रहा है कि स्टाफ में शामिल होने वाले युवाओं को अंग्रेजी और हिंदी के अलावा पंजाबी भाषा भी अच्छी तरह से आती होगी। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि पंजाब के लोगों को अपनी भाषा में संवाद करने में किसी तरह की परेशानी न हो। सरकार ने हेल्प सेंटर के लिए एक नंबर भी जारी किया है। लोग दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में भी जान सकेंगे।

इसके लिए लोग हेल्पलाइन नंबर 011-61232182 पर संपर्क कर सकते हैं। इससे पहले सुबह सीएम भगवंत मान ने खुद हेल्प सेंटर की तस्वीर शेयर की। उन्होंने तस्वीर शेयर करते हुए कहा, “कुछ दिन पहले मैंने घोषणा की थी कि हम पंजाबियों की सहायता के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर पंजाब हेल्प सेंटर खोलेंगे। आज मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हम आधिकारिक तौर पर इस सेंटर को पंजाबियों को समर्पित कर रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि हमारी सरकार की यह पहल पंजाबियों और एनआरआई की मुश्किलों को दूर करेगी।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें