हरियाणा डेस्क: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हाल ही में राज्य में आई भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित इलाकों के लिए राहत देने का एलान किया है। बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बन गई, जिससे किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं और लोगों को जान-माल का नुकसान उठाना पड़ा।
यह भी पढ़ें: ‘खुद कष्ट उठाकर दूसरों के दुख हरना, ये हर स्वयंसेवक की पहचान’, RSS शताब्दी समारोह में बोले PM मोदी
‘सरकार प्रभावित किसानों के साथ खड़ी है’
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार प्रभावित किसानों और स्थानीय लोगों के साथ खड़ी है और उनकी मदद के लिए 4 करोड़ 72 लाख 6 हजार रुपये की राशि तत्काल राहत के तौर पर जारी की गई है। यह पैसा ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल के माध्यम से सीधे प्रभावित लोगों को दिया जाएगा।
सैनी ने पहले भी कुरुक्षेत्र जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया था और झरौली खुर्द, तंगोर, झांसा, ठोल, और शांति नगर जैसे गाँवों के लोगों से मिलकर उनकी परेशानियों और फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया था। उन्होंने कहा कि सरकार हर संभव मदद और मुआवजा देने के लिए पूरी मेहनत कर रही है।
प्रशासन राहत कार्यों में तेजी ला रहा
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य प्रशासन राहत कार्यों में तेजी ला रहा है ताकि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द मदद मिल सके। मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र की नई अनाज मंडी जाकर किसानों और परिवारों से बातचीत भी की और उन्हें भरोसा दिया कि सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
यह भी पढ़ें: नवरात्रि के अंतिम दिन महानवमी पर भक्तों ने की पूजा-अर्चना, वैष्णो देवी मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
पंजाब में भी बाढ़ की स्थिति पर चर्चा की
इसके अलावा, मुख्यमंत्री सैनी ने पड़ोसी पंजाब में भी बाढ़ की स्थिति पर चर्चा की और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा बाढ़ राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे इस मुश्किल वक्त में राजनीति से ऊपर उठकर लोगों की भलाई के लिए मिलकर काम करें।

