
नेशनल डेस्क: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि आने वाले पांच सालों में राज्य के सभी लोगों को मुफ़्त बिजली दी जाएगी और 1 करोड़ युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। ये ऐलान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में मोतिहारी में एक जनसभा के दौरान किया।
नीतीश कुमार ने कहा कि पहले बिहार में बिजली की बहुत कमी थी। पटना जैसे शहर में भी दिनभर में सिर्फ 8 घंटे बिजली आती थी। लेकिन अब हालात बदल गए हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही राज्य सरकार कैबिनेट की बैठक कर मुफ्त बिजली देने का फैसला करेगी।
#WATCH | Bihar | CM Nitish Kumar says,”… Earlier the consumers used to pay a lot of money for the electricity bill… In 2018, we facilitated and eased this… We are giving free electricity to families of Bihar… 430 new projects worth over Rs 50,000 crores have been… pic.twitter.com/2zBekjPy27
— ANI (@ANI) July 18, 2025
सीएम नीतीश ने यह भी बताया कि सरकार अब तक 10 लाख सरकारी नौकरियाँ दे चुकी है और आने वाले पाँच सालों में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य है। ये रोजगार सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में दिए जाएंगे। दिव्यांगों, बुजुर्गों और विधवाओं की पेंशन भी बढ़ा दी गई है। पहले उन्हें 400 रुपये प्रति महीना मिलते थे, अब यह बढ़ाकर 1,100 रुपये महीना कर दी गई है। इससे 1.11 करोड़ लोगों को सीधा फायदा होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 430 नई योजनाओं के लिए 50,000 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इन योजनाओं से राज्य के अलग-अलग इलाकों का विकास किया जाएगा। सीएम ने बताया कि केंद्र सरकार ने 2025 के बजट में बिहार के लिए कई अहम घोषणाएँ की हैं, जिनमें मखाना बोर्ड की स्थापना शामिल है। यह बोर्ड मखाना की खेती, प्रोसेसिंग और मार्केटिंग में मदद करेगा।
नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसे बुनियादी क्षेत्रों पर खास ध्यान दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछली सरकारों ने विकास के लिए कुछ नहीं किया। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक 60 लाख से ज्यादा घर बनाए जा चुके हैं।
#WATCH | PM Narendra Modi flags off four new Amrit Bharat trains between Rajendra Nagar Terminal (Patna) to New Delhi, Bapudham Motihari to Delhi (Anand Vihar Terminal), Darbhanga to Lucknow (Gomti Nagar) and Malda Town to Lucknow (Gomti Nagar) via Bhagalpur
(Video source: DD… pic.twitter.com/CCqMMI5CHa
— ANI (@ANI) July 18, 2025
इस कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के लिए चार अमृत भारत ट्रेनें भी शुरू कीं। ये ट्रेनें पटना, मोतिहारी, दरभंगा और भागलपुर जैसे शहरों को दिल्ली और लखनऊ से जोड़ेंगी।
बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 के अंत में होने की उम्मीद है, संभवतः अक्टूबर या नवंबर में। अब तक चुनाव आयोग ने तारीखों की घोषणा नहीं की है। इस समय बिहार विधानसभा में कुल 243 सदस्य हैं। राजग (NDA) के पास 131 विधायक हैं, भाजपा- 80, जदयू – 45, हम(सेक्युलर) – 4, 2 निर्दलीय समर्थन। भारत ब्लॉक (विपक्ष) के पास 111 विधायक हैं, इनमें राजद- 77 कांग्रेस – 19, भाकपा (माले) – 11, माकपा और भाकपा – 2-2 एमएलए शामिल है।