CM Yogi Gifts : ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने सामूहिक विवाह योजना में अहम बदलाव किए हैं। अब विवाह समारोह में कन्याओं को उपहार स्वरूप सिंदूर दान भी किया जाएगा। इस पहल को भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों और विवाह की परंपराओं को सम्मान देने के कदम के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के तहत बेटियों के विवाह पर 51 हजार की बजाए अब एक लाख रुपये की धनराशि खर्च होगी। गरीब बेटियों के विवाह के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से बड़ा कदम उठाया गया है। जनपद में वर्ष 2017-18 से 2024-25 तक 7064 वर-वधुओं का सामूहिक विवाह कराया गया है। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देशन में बीते सात मार्च को ही मझवां ब्लॉक के गांधी इंटरमीडिएट कॉलेज में 531 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया गया था।
8 साल से उत्तर प्रदेश में बड़े बदलाव हो रहे हैं: CM
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब सरकार ईमानदारी से काम करती है, तो वह गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाएं शुरू करती है और राज्य को विकास की ओर ले जाती है। उन्होंने बताया कि पिछले 11 साल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और पिछले 8 साल से उत्तर प्रदेश में बड़े बदलाव हो रहे हैं।
सामूहिक विवाह योजना की बड़ी शुरुआत
सीएम योगी गोरखपुर के खाद कारखाने परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में बोल रहे थे। इस आयोजन में 1200 जोड़े विवाह सूत्र में बंधे।
सरकार ने अब इस योजना के तहत प्रति जोड़ा खर्च ₹51,000 से बढ़ाकर ₹1,00,000 कर दिया है। यह पहला कार्यक्रम था जिसमें नई राशि के अनुसार आयोजन हुआ।
सरकार वही जो जनता की मदद करे
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि असली सरकार वही होती है जो लोगों के घर जाकर उनकी परेशानियों को समझे और समाधान दे। सामूहिक विवाह योजना प्रधानमंत्री मोदी की लोक-कल्याणकारी नीतियों का हिस्सा है। यह योजना बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह, बहुविवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों को खत्म करने में मदद करती है।
अंतिम पायदान तक विकास पहुंचे
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत को दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनाना है तो समाज के सबसे गरीब और पिछड़े व्यक्ति को भी मजबूत बनाना होगा।
इसी सोच के साथ सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं।
- मातृ वंदना योजना
- बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना
- मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना
- आयुष्मान भारत योजना
बेटियों को पढ़ाकर सशक्त बनाना होगा
सीएम योगी ने कहा कि अगर हम बेटियों को बचाना चाहते हैं तो उन्हें पढ़ाना और सशक्त बनाना होगा। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत बेटी के जन्म से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई के लिए ₹25,000 की सहायता दी जाती है। जन्म के बाद रजिस्ट्रेशन पर, एक साल की उम्र पर, और सभी टीके लग जाने पर धनराशि दी जाती है। कक्षा 1, 6, 9 में एडमिशन के समय और आगे ITI या डिप्लोमा लेने पर भी पैसा दिया जाता है।
अब शादी के लिए भी नहीं करनी होगी चिंता
योगी ने बताया कि बेटियों की पढ़ाई के बाद अब शादी के लिए भी सरकार ने व्यवस्था की है।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब परिवारों की बेटियों की शादी सरकार करवा रही है। इस आयोजन में मुख्यमंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होते हैं। यह आयोजन सामाजिक कुरीतियों से मुक्ति दिलाने में मदद करता है। सभी जाति, धर्म और क्षेत्र के लोग अपनी परंपराओं के अनुसार इसमें भाग ले सकते हैं।
अब एक लाख रुपये मिलेंगे, 60 हजार सीधे खाते में
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले केवल SC/ST परिवारों की बेटियों को ₹20,000 मिलते थे, वह भी सबको नहीं। 2017 से सामूहिक विवाह योजना शुरू हुई, जिसमें शुरुआत में ₹35,000 मिलते थे। फिर यह बढ़कर ₹51,000 हुआ। 1 अप्रैल 2025 से यह राशि ₹1,00,000 कर दी गई है। इसमें से ₹60,000 सीधे बेटी के खाते में जाएंगे। बाकी पैसे से घर का सामान, गहने, भोजन आदि का खर्च किया जाएगा।
हर गरीब तक पहुंच रहीं सरकारी योजनाएं
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में आज हर गरीब को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। 4 करोड़ लोगों को घर नया घर मिला। 10 करोड़ को गैस कनेक्शन (उज्जवला योजना), 12 करोड़ शौचालय, 45 करोड़ को जनधन खाता, 50 करोड़ को आयुष्मान भारत योजना व पिछले 5 साल से 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है।

