Site icon Dainik Savera Times

‘कांग्रेस का इतिहास ही आत्मसमर्पण का, भारत कभी सरेंडर नहीं करता’, JP नड्डा का राहुल गांधी पर पलटवार

नई दिल्ली: भा‍जपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ कड़ी प्रतिक्रिया दी है। नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए कहा कि अगर आत्मसमर्पण की बात होती है, तो वह कांग्रेस पार्टी के शब्दकोष का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं का इतिहास ही आत्मसमर्पण का रहा है, लेकिन भारत कभी सरेंडर नहीं करता।

नड्डा ने आगे कहा, “राहुल गांधी को अपनी पार्टी के नेताओं का इतिहास याद करना चाहिए, जिन्होंने कई बार आत्मसमर्पण किया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने आतंकवाद के सामने आत्मसमर्पण किया, पाकिस्तान के सामने शिमला समझौते के दौरान आत्मसमर्पण किया, 1962 की लड़ाई में भी आत्मसमर्पण किया और सिंधु जल समझौते के दौरान भी ऐसा ही किया।”

राहुल गांधी का बयान देशद्रोह जैसा
भा‍जपा अध्यक्ष ने भारतीय सेना के शौर्य और साहस को लेकर राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी कह रहे हैं कि ऑपरेशन सिंदूर आत्मसमर्पण था, जबकि यह भारतीय सेना की वीरता का प्रतीक है। भारतीय सेना ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों के ठिकानों को तबाह किया और कई आतंकवादियों को मारा। पाकिस्तान खुद कह रहा था कि भारतीय सेना ने हमारी सीमा में घुसकर भारी तबाही मचाई है। ऐसे में राहुल गांधी का बयान दुर्भाग्यपूर्ण और भारतीय सेना और देश का अपमान है।” नड्डा ने कहा कि अगर पाकिस्तान का कोई व्यक्ति ऐसा बयान देता, तो भारतीय जनता उसे हंसी में उड़ा देती, लेकिन यह बयान राहुल गांधी का है, जो देशद्रोह जैसा है।

क्या बोले थे राहुल गांधी?
राहुल गांधी ने हाल ही में भोपाल में एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए उन्हें ‘नरेंद्र सरेंडर’ कहा था। उन्होंने यह भी दावा किया था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक इशारे पर प्रधानमंत्री मोदी झुक गए थे और भाजपा-आरएसएस दबाव में आकर डरकर भाग जाते हैं। इस बयान के बाद भाजपा ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया है।

Exit mobile version