Site icon Dainik Savera Times

कांग्रेस और झामुमो ने भ्रष्टाचार से नोटों के अंबार खड़े किए हैं : PM MODI

Amroha: Prime Minister Narendra Modi addresses a public meeting organised for BJP's campaign for the Lok Sabha elections, in Amroha, Friday, April 19, 2024. (PTI Photo)(PTI04_19_2024_000247B)

घाटशिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस, झामुमो और राजद पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और झामुमो ने भ्रष्टाचार से नोटों के अंबार खड़े किए हैं।
प्रधानमंत्री ने आज झारखंड के जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र के घाटशिला के मऊभंडार स्थित ताम्र प्रतिभा मंच मैदान में भाजपा उम्मीदवार विद्युत वरण महतो के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के शहजादे नक्सलियों और माओवादियों की भाषा बोल रहे हैं। ये पार्टियां नक्सलियों एवं माओवादियों की तरह उद्योगपतियों से उगाही करतीं हैं।


मोदी ने कहा कि लोकसभा का चुनाव देश के भविष्य को सशक्त बनाने, वर्तमान पीढ़ी और आने वाली पीढ़ियों का भी उज्ज्वल भविष्य तय करने का चुनाव है।उन्होंने कहा कि चुनाव में उद्योगों, लघु उद्योगों की बात होनी चाहिए कि नहीं होनी चाहिए, राष्ट्रीय सुरक्षा, कृषि एवं वनोजपज की बात चुनाव में होनी चाहिए कि नहीं होनी चाहिए, युवाओं के लिए अवसर, राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य इन्फ्रास्ट्रक्चर पर बात होनी चाहिए कि नहीं।
उन्होंने कहा कि विरोधी दलों को इन सबसे कुछ मतलब नहीं है। इन्हें विकास का क, ख, ग, घ भी नहीं मालूम। इनका तरीका है झूठ बोलो, जोर से बोलो, बार-बार बोलो, इधर भी बोलो, उधर भी बोलो। उन्होंने इनके मुद्दे भी गिनाए और कहा कि वे लोग गरीब की संपत्ति का एक्स-रे करेंगे। एसटी, एससी का आरक्षण छीनेंगे।

मोदी को रोज-रोज गालियां देंगे इससे आगे ये सोच ही नहीं सकते क्या? मोदी ने कहा कि इंडी अलायंस वाले आपसे झूठ बोलते हैं। इनकी सच्चाई पूरा देश जान गया है। उन्होंने कहा कि पूरा हिंदुस्तान कह रहा है- फिर एक बार- मोदी सरकार। झारखंड खनिज संपदा के मामले में इतना अमीर है कि आप कल्पना नहीं कर सकते। फिर भी यहां इतनी गरीबी क्यों है। आज झारखंड का नाम सुनते ही कौन सा दृश्य सामने आता है।एक ही दृश्य सामने आता है- नोटों के ढेर। झारखंड सुनते ही नोटों के पहाड़ देखने को मिलते हैं।


मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल का जिक्र करते हुए कहा कि नौकरी के बदले गरीब से जमीन लिखवा ली। झामुमो ने वही आदतें, वही चरित्र कांग्रेस और आरजेडी से सीखी है। उन्होंने झारखंड में जमीन घोटाला किया। इन लोगों ने किसकी जमीनें हड़पीं। गरीब आदिवासी की जमीन हड़पी। सेना की जमीन तक हड़पने की कोशिश की। मैं पूछता हूं कि इनके घरों से जो नोटों के पहाड़ बरामद हुए हैं, वो पैसे किसके हैं?।

Exit mobile version