Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

Congress के ‘शाही परिवार’ की मानसिकता है कि उसका जन्म ही देश पर राज करने के लिए ही हुआ : PM Modi 

November 12, 2024

Congress के ‘शाही परिवार’ की मानसिकता है कि उसका जन्म ही देश पर राज करने के लिए ही हुआ : PM Modi 
Congress Royal Family : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस आरक्षण से चिढ़ती है और उसके ‘शाही परिवार’ की हमेशा से मानसिकता रही है कि उसका जन्म देश पर शासन करने के लिए ही हुआ है। महाराष्ट्र में 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले चिमूर में एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, कि ‘यही कारण है कि आजादी के बाद कांग्रेस ने दलितों, पिछड़े वर्गों और आदिवासियों को कभी प्रगति नहीं करने दी।’’
उन्होंने कहा, कि ‘कांग्रेस आरक्षण (के विषय) से चिढ़ती है। 1980 के दशक में राजीव गांधी के नेतृत्व में पार्टी द्वारा एक विज्ञापन प्रकाशित कर दलितों, पिछड़े वर्गों और आदिवासियों को मिले विशेष अधिकारों पर सवाल उठाए गए थे।’’ पीएम मोदी ने कहा कि यह पुराना विज्ञपन सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पार्टी के आरक्षण विरोधी रवैये को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि देश में आदिवासी समाज की जनसंख्या करीब 10 प्रतिशत के आसपास है और कांग्रेस अब आदिवासी समाज को जातियों में बांटकर कमजोर करना चाहती है।
उन्होंने कहा, कि ‘कांग्रेस चाहती है कि हमारे आदिवासी भाई एसटी के रूप में अपनी पहचान खो दें, उनकी ताकत से उनकी जो पहचान बनी है, वह बिखर जाए। आपकी एकता टूट जाए, ये कांग्रेस का खतरनाक खेल है।’’ पीएम मोदी ने कहा कि आदिवासी समाज जातियों में बंटेगा तो उसकी पहचान और ताकत खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा, कि ‘कांग्रेस के शहजादे विदेश में जाकर खुद ये ऐलान कर चुके हैं। इसलिए मैं कहता हूं कि हमें कांग्रेस के इस षड्यंत्र का शिकार नहीं होना है, हमें एकजुट रहना है। इसलिए मेरा आपसे आग्रह है। हम एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे।’’
उन्होंने कहा, कि ‘अगर आप एक नहीं रहे, आपकी एकजुटता टूटी तो सबसे पहले कांग्रेस आपका आरक्षण छीन लेगी। कांग्रेस के शाही परिवार की हमेशा से मानसिकता रही है कि वह इस देश पर राज करने के लिए ही पैदा हुआ है। आजादी के बाद इसलिए ही कांग्रेस ने दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों को आगे नहीं बढ़ने दिया। कांग्रेस आरक्षण से चिढ़ती है।’’प्रधानमंत्री ने दावा कि यहां भारी भीड़ दिखाती है कि भाजपा नीत महायुति महाराष्ट्र में भारी बहुमत के साथ सत्ता में बनी रहेगी।
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र घोषणापत्र महाराष्ट्र के विकास की गारंटी होगा। कश्मीर में अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को समाप्त करने पर मोदी ने कहा कि देश का एक संविधान सुनिश्चित करने में सात दशक लग गए। उन्होंने पूछा, ‘‘क्या आप कांग्रेस और उसके सहयोगियों को कश्मीर में अनुच्छेद 370 लाने देंगे?’’ पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भाजपा नीत सरकार सोयाबीन किसानों को वित्तीय सहायता दे रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें