Site icon Dainik Savera Times

हिम्मत है तो कल चुनाव में उतरें, हम मुकाबले के लिए तैयार… ममता बनर्जी की पीएम मोदी को चुनौती

Mamata Banerjee Maa-Mati-Manush wave will sweep Bengal again

Mamata Banerjee Maa-Mati-Manush wave will sweep Bengal again

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने जो बयान दिया है, उसे सुनकर वह न सिर्फ हैरान हैं, बल्कि बहुत दुखी भी हैं। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि जब विपक्ष देश का प्रतिनिधित्व कर रहा है, तब केंद्र सरकार और उसके मंत्री “ऑपरेशन बंगाल” की बात कर रहे हैं, जैसे हाल ही में “ऑपरेशन सिंदूर” चलाया गया था।

हिम्मत है तो चुनाव में आओ: ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार को चुनौती दी कि अगर उनमें हिम्मत है, तो वे चुनाव में सीधे मैदान में उतरें। उन्होंने कहा कि बंगाल उनकी चुनौती स्वीकार करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा, “अगर आप ऑपरेशन करना चाहते हैं, तो लोकतांत्रिक ऑपरेशन करें, चुनाव में आइए, हम मुकाबला करेंगे।”

पीएम की भूमिका से हटकर राजनीति कर रहे
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री पर आरोप लगाया कि वे एक जिम्मेदार नेता की तरह नहीं, बल्कि भाजपा के अध्यक्ष की तरह बयान दे रहे हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि जब बंगाल की सरकार केंद्र के साथ मिलकर आतंकवाद के खिलाफ काम कर रही है, तब प्रधानमंत्री उस सरकार की आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह से विपक्ष को निशाना बनाना और बयानबाजी करना देशहित में नहीं है।

महिलाओं का सम्मान जरूरी
“ऑपरेशन सिंदूर” के नाम को लेकर ममता बनर्जी ने कहा कि इस पर वे टिप्पणी नहीं करना चाहतीं, लेकिन उन्होंने यह जरूर कहा कि “हर महिला का सम्मान किया जाना चाहिए”। उन्होंने यह भी जोड़ा कि बंगाल के सांसद अभिषेक बनर्जी (जो उनके भतीजे भी हैं) हर दिन आतंकवाद के खिलाफ अपनी आवाज उठा रहे हैं।

देश को लूटने वाले भाग जाते हैं विदेश
ममता बनर्जी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह सिर्फ जुमलेबाजी करती है और देश को लूटने वाले लोग भाजपा की छत्रछाया में विदेश भाग जाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी राजनीति करना और हर मुद्दे का राजनीतिकरण करना ठीक नहीं है।

Exit mobile version