Site icon Dainik Savera Times

Sidhu Moosewala पर बन रही डॉक्यूमेंट्री पर विवाद… पिता Balkaur Singh ने आयोजकों को भेजा लीगल नोटिस

चंडीगढ़: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के दिवंगत सुपरस्टार सिद्धू मूसेवाला को लेकर एक नई डॉक्यूमेंट्री पर विवाद खड़ा हो गया है। 11 जून को मुंबई के जुहू स्थित सोहो हाउस में प्रस्तावित इस डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग को लेकर मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे गैरकानूनी, असंवेदनशील और न्याय प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने वाला करार देते हुए संबंधित चैनल और प्रोड्यूसर को कानूनी नोटिस भेज दिया है।

-बिना अनुमति बनाई गई डॉक्यूमेंट्री पर जताई नाराजगी

बलकौर सिंह ने डॉक्यूमेंट्री में इस्तेमाल की गई सामग्री को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि इसमें सिद्धू मूसेवाला की अप्रकाशित फुटेज, निजी जानकारियां और हत्या से जुड़ी जांच संबंधी संवेदनशील डेटा को बिना परिवार की सहमति के प्रस्तुत किया जा रहा है।

-मुंबई पुलिस और DGP को लिखा पत्र

डॉक्यूमेंट्री की प्रस्तावित स्क्रीनिंग के खिलाफ बलकौर सिंह ने मुंबई पुलिस कमिश्नर और जुहू पुलिस स्टेशन को भी पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने 11 जून को होने वाले इवेंट को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की है। बलकौर सिंह ने लिखा है कि, “यह डॉक्यूमेंट्री मेरे बेटे की आवाज, छवि और कहानी का अनधिकृत उपयोग करती है, जो न केवल परिवार के लिए पीड़ादायक है बल्कि इससे न्यायिक प्रक्रिया में भी बाधा आ सकती है।”

-आयोजकों को दी सख्त चेतावनी

मूसेवाला परिवार के वकील गुरबिंदर सिंह के माध्यम से भेजे गए लीगल नोटिस में कहा गया है कि यदि चैनल और निर्माता इस स्क्रीनिंग को रोकने में असफल रहते हैं, तो परिवार उनके खिलाफ क्रिमिनल केस, हर्जाना और कोर्ट से स्थगन आदेश (Stay Order) की मांग करेगा। नोटिस में यह भी कहा गया है कि आयोजकों को सिद्धू मूसेवाला की छवि का व्यावसायिक इस्तेमाल करने का कोई अधिकार नहीं है।

-न्यायिक जांच पर पड़ सकता है असर

परिवार की ओर से यह भी तर्क दिया गया है कि चूंकि सिद्धू मूसेवाला की हत्या से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है, ऐसे में इस तरह की डॉक्यूमेंट्री न सिर्फ सबूतों को प्रभावित कर सकती है बल्कि सार्वजनिक धारणा को भी गलत दिशा में ले जा सकती है।

ये भी पढ़ें : Bank Holiday Today: रामनवमी पर आपके शहर में बैंक खुले हैं या बंद? यहां जानें पूरी लिस्ट

Exit mobile version