Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘सेना PM मोदी के चरणों में नतमस्तक’ बयान पर विवाद, कांग्रेस ने MP डिप्टी CM देवड़ा से मांगा इस्तीफा

May 16, 2025

‘सेना PM मोदी के चरणों में नतमस्तक’ बयान पर विवाद, कांग्रेस ने MP डिप्टी CM देवड़ा से मांगा इस्तीफा

नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के एक बयान ने सियासी हलचल मचा दी है। जबलपुर में आयोजित सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि “पूरा देश, सेना और सैनिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चरणों में नतमस्तक हैं।” देवड़ा के इस बयान को लेकर विपक्ष खासकर कांग्रेस ने तीखी आलोचना की है और इसे सेना का अपमान बताया है। कांग्रेस ने मांग की है कि देवड़ा को पद से हटाया जाए और माफी मांगी जाए।

डिप्टी सीएम का बयान
डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने यह टिप्पणी ऑपरेशन सिंदूर की सराहना करते हुए की थी। उन्होंने भावुक होकर कहा, “जब पर्यटकों को मारा गया, महिलाओं और बच्चों को बेरहमी से गोली मारी गई, तब पूरे देश में गुस्सा था। जब तक इसका बदला नहीं लिया जाता, तब तक चैन नहीं मिलेगा।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए प्रशंसा करते हुए कहा, “हम यशस्वी प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देना चाहते हैं। उन्होंने जो जवाब दिया, उसकी जितनी सराहना करें, कम है। पूरा देश, सेना और सैनिक उनके चरणों में नतमस्तक हैं।”

डिप्टी सीएम को बर्खास्त किया जाए: कांग्रेस 
कांग्रेस ने देवड़ा के बयान को “शर्मनाक और घटिया” बताया। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “ये बयान भारतीय सेना की बहादुरी का अपमान है। जब पूरा देश सेना के पराक्रम को सलाम कर रहा है, तब भाजपा नेता सेना को किसी के चरणों में बता रहे हैं। यह बेहद आपत्तिजनक है।” कांग्रेस की मांग है कि डिप्टी सीएम देवड़ा को बर्खास्त किया जाए। भाजपा और देवड़ा सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

क्या है ऑपरेशन सिंदूर?
7 मई को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकियों के ठिकानों पर सर्जिकल हमला किया। इस ऑपरेशन में 100 से ज्यादा आतंकी और पाकिस्तानी सैनिक मारे गए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें