Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

देश भर में पैर पसार रहा कोरोनाः 702 नए मामले आये सामने, छह मरीजों की मौत

December 28, 2023

देश भर में पैर पसार रहा कोरोनाः 702 नए मामले आये सामने, छह मरीजों की मौत

नई दिल्ली। देश में बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 702 नए मामले सामने आए तथा उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़ कर 4,097 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बुधवार को सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण से छह लोगों की मौत हुई है। मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में कोविड-19 से महाराष्ट्र में दो जबकि कर्नाटक, केरल, पश्चिम बंगाल और दिल्ली में एक-एक मरीज की मौत हुई है। देश में 22 दिसंबर को संक्रमण के 752 नए मामले दर्ज किए गए थे। ठंड और कोरोना वायरस के नए उपस्वरूप के कारण हाल के दिनों में संक्रमण के मामलों में तेजी आई है। इससे पहले पांच दिसंबर तक दैनिक मामलों की संख्या घटकर दोहरे अंक तक पहुंच गई थी।

वर्ष 2020 की शुरुआत से अब तक लगभग चार वर्षों में देश भर में कोरोना वायरस से लगभग साढ़े चार करोड़ से अधिक लोग संक्रमित हुए तथा इससे 5.3 लाख से अधिक मौतें हुईं। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, संक्रमण से उबरने वाले लोगों की संख्या बढक़र 4.4 करोड़ हो गई है। स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.81 प्रतिशत है। मंत्रालय के अनुसार, देश में कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 220.67 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें