Site icon Dainik Savera Times

कपास की खेती करने वाले किसानों को 15 अप्रैल से मिलेगा नहरी पानी: मुख्य सचिव जंजुआ

चंडीगढ़ : राज्य में फसलीय विविधता को बढ़ावा देने और किसानों को कपास की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा कपास की खेती करने वाले किसानों को उनकी मांग के अनुसार अप्रैल महीने के दौरान नहरी पानी मुहैया करवाने के लिए जल संसाधन विभाग द्वारा पूरी तैयारी कर ली गई है। इस दौरान किसानों को नहरी पानी का अधिक प्रयोग करने के लिए जागरूकता अभियान भी शुरू किया जा रहा है।

यह जानकारी यहां मुख्य सचिव विजय कुमार जंजुआ ने आज पंजाब सिविल सचिवालय में जल संसाधन, कृषि, स्कूल शिक्षा और पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक के उपरांत दी। जंजुआ ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद जल संसाधन और कृषि विभाग द्वारा मिलकर 15 अप्रैल से दक्षिणी मालवा की कपास पट्टी के किसानों को कपास की फसल की सिंचाई के लिए नहरी पानी छोड़ने की तैयारी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा मांग की गई थी कि यदि अप्रैल महीने में नहरी पानी मिल जाए तो कपास की फसल के लिए बहुत लाभदायक होगा।

राज्य सरकार किसानों की यह मांग इस साल पूरी करने जा रही है। इस संबंधी कृषि और जल संसाधन विभाग के दरमियान बेहतर तालमेल के लिए निरंतर बैठकें करेंगे। यदि किसी किसान को कोई दिक्कत आए तो वह टोल फ्री नंबर 1100 पर कॉल कर सकता है। बैठक में प्रमुख सचिव जल संसाधन कृष्ण कुमार, प्रमुख सचिव कृषि सुमेर सिंह गुर्जर, डायरैक्टर जनरल स्कूल शिक्षा विनय बुबलानी, डायरैक्टर कृषि गुरविंदर सिंह और ए.आई.जी. (कार्मिक) गौरव तूरा उपस्थित थे।

Exit mobile version