Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

मंत्री विजय शाह के विवादित बयान पर हाईकोर्ट सख्त, 4 घंटे में FIR दर्ज करने का आदेश

May 14, 2025

मंत्री विजय शाह के विवादित बयान पर हाईकोर्ट सख्त, 4 घंटे में FIR दर्ज करने का आदेश

नेशनल डेस्क: मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह के एक विवादित बयान पर अब मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। कोर्ट ने सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर दिए गए उनके बयान पर स्वतः संज्ञान लेते हुए चार घंटे के भीतर एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है।

यह आदेश जस्टिस अतुल श्रीधरन की अध्यक्षता वाली डिवीजन बेंच ने दिया और राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) को सीधा निर्देश दिया कि किसी भी हाल में FIR दर्ज की जाए। अदालत ने राज्य के महाधिवक्ता प्रशांत सिंह को भी इस मामले में सख्त निर्देश जारी किए हैं। कोर्ट ने कहा है कि मामले की अगली सुनवाई सोमवार सुबह सबसे पहले की जाएगी। हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग में खलबली मच गई है।

क्या था मंत्री विजय शाह का बयान?
एक सभा के दौरान मंत्री विजय शाह ने बिना कर्नल सोफिया का नाम लिए ऐसा बयान दिया जिससे माना गया कि वे उन्हें लेकर अपमानजनक टिप्पणी कर रहे थे। उनका कथन था, “हमने उनकी बहन भेजकर उनकी ऐसी-तैसी करवाई।” यह कथन पाकिस्तान और आतंकवादियों को लेकर था, लेकिन इसमें कर्नल सोफिया कुरैशी की ओर इशारा समझा गया, जो एक बहादुर महिला अधिकारी हैं और भारत की तरफ से सैन्य मिशनों का हिस्सा रही हैं।

विवाद बढ़ा, मंत्री ने मांगी माफी
बयान सामने आने के बाद जब विवाद बढ़ा, तो विजय शाह ने मीडिया से बात करते हुए सफाई दी और माफी भी मांगी। उन्होंने कहा, “मैं कभी सपने में भी कर्नल सोफिया बहन के बारे में गलत नहीं सोच सकता। उन्होंने जाति-धर्म से ऊपर उठकर देश की सेवा की है। अगर जोश में कुछ गलत निकल गया, तो मैं दिल से माफी मांगता हूं।”

राजनैतिक घमासान
बयान के सामने आते ही विपक्ष, खासकर कांग्रेस ने विजय शाह के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी। जगह-जगह प्रदर्शन और पुतले फूंके गए। भाजपा संगठन ने भी नाराजगी जताई और विजय शाह को तत्काल पार्टी कार्यालय तलब किया। उन्होंने संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से मिलकर सफाई दी और खेद जताया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें