खेल डेस्क: क्रिकेट 128 साल के लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर ओलंपिक खेलों का हिस्सा बनने जा रहा है। 2028 में होने वाले लॉस एंजिलिस ओलंपिक में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में टी20 फॉर्मेट में क्रिकेट मुकाबले खेले जाएंगे। आयोजन समिति ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि हर वर्ग में छह-छह टीमें भाग लेंगी।
कब खेला गया था आखिरी बार ओलंपिक में क्रिकेट?
क्रिकेट आखिरी बार साल 1900 के पेरिस ओलंपिक में खेला गया था। उस समय ग्रेट ब्रिटेन और फ्रांस के बीच दो दिवसीय मैच हुआ था, जिसे आज अनाधिकारिक टेस्ट मैच माना जाता है। अब 128 साल बाद क्रिकेट फिर से ओलंपिक का हिस्सा बनेगा।
टीमों की संख्या और खिलाड़ियों का कोटा
– हर टीम में अधिकतम 15 खिलाड़ी होंगे।
– पुरुष और महिला दोनों वर्गों में कुल 6-6 टीमें खेलेंगी।
– इसका मतलब, एक वर्ग में 90 खिलाड़ियों तक का कोटा तय किया गया है।
– यानी, पुरुष और महिला दोनों को मिलाकर कुल 180 खिलाड़ी ओलंपिक में क्रिकेट खेलेंगे।
किस प्रारूप में होंगे मैच?
क्रिकेट मैच टी20 फॉर्मेट में होंगे, यानी तेज और रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। स्वर्ण (गोल्ड), रजत (सिल्वर) और कांस्य (ब्रॉन्ज) पदक के लिए टीमें आपस में भिड़ेंगी।
कौन-कौन सी टीमें खेलेंगी?
आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) के पास इस समय 12 नियमित सदस्य देश हैं:
भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, आयरलैंड और जिम्बाब्वे। इसके अलावा 94 सहयोगी सदस्य भी हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कौन सी टीमें ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करेंगी। हालांकि, एक बात तय है कि अमेरिका इस बार मेजबान होने के नाते सीधी एंट्री पाएगा। बाकी पांच टीमें क्वालिफिकेशन प्रक्रिया के जरिए चुनी जाएंगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...