
नेशनल डेस्क: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने एक जवान मुनीर अहमद को उसकी नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। जवान पर आरोप है कि उसने पाकिस्तानी महिला मीनल खान से शादी छिपाई और जानबूझकर उसे भारत में शरण दी। यह कार्रवाई राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में की गई है।
सूत्रों के अनुसार, मुनीर अहमद को उन नियमों के तहत बर्खास्त किया गया है जिनके तहत जांच की आवश्यकता नहीं होती है। उसकी हरकत को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरे की तरह देखा गया है। मुनीर अहमद को हाल ही में सीआरपीएफ की 41वीं बटालियन में तैनात किया गया था।
मीनल खान को भारत में दी शरण
मुनीर अहमद ने मीनल खान से पिछले साल मई महीने में वीडियो कॉल के जरिए शादी की थी। सीआरपीएफ की जांच में यह सामने आया कि उसने अपनी शादी और अपनी पत्नी के भारत में ठहरने की जानकारी संबंधित अधिकारियों से छिपाई थी। इसके साथ ही, जवान ने जानबूझकर मीनल खान को भारत में शरण दी, जबकि उसकी वीजा की वैधता खत्म हो चुकी थी।
आतंकी हमले के बाद सामने आई शादी
यह मामला तब सामने आया जब पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तानी नागरिकों से देश छोड़ने के लिए कहा था। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे। इसके बाद सीआरपीएफ ने जवान मुनीर अहमद और मीनल खान के रिश्ते की जांच शुरू की और यह पता चला कि उन्होंने अपने निकाह और मीनल के ठहरने की जानकारी अधिकारियों से छिपाई थी। इस घटना के बाद, सीआरपीएफ ने राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुनीर अहमद को तुरंत बर्खास्त कर दिया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...