Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा… पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमले के बाद बोले उमर अब्दुल्ला

April 22, 2025

दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा… पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमले के बाद बोले उमर अब्दुल्ला

नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम इलाके में मंगलवार को एक बड़ा आतंकी हमला हुआ। इस हमले में एक की मौत हो गई, जबकि कम से कम 12 पर्यटक घायल हो गए हैं। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

हमले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा: अब्दुल्ला 
इस हमले के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर इसे “कायराना और अमानवीय” हमला बताया। उन्होंने कहा, “यह हमारे पर्यटकों पर किया गया एक घृणित हमला है। मैं स्तब्ध हूं। हमले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।” मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह तुरंत श्रीनगर लौट रहे हैं और हालात की पूरी जानकारी मिलने के बाद आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा। यह हमला हाल के वर्षों में नागरिकों पर हुए सबसे गंभीर हमलों में से एक माना जा रहा है।

बैसरन घूमने गए थे पर्यटक 
मंगलवार सुबह कुछ पर्यटक बैसरन घूमने गए थे। तभी अचानक अज्ञात आतंकवादियों ने पास से उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोलियां काफी नजदीक से चलाई गईं, जिससे लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर मौजूद एक महिला ने मीडिया को फोन करके बताया कि उसके पति को सिर में गोली लगी है और कई अन्य लोग भी बुरी तरह घायल हुए हैं। महिला ने अपनी पहचान नहीं बताई, लेकिन घायलों को अस्पताल पहुंचाने की मदद मांगी।

लोग घायलों को खच्चरों की मदद से नीचे लाए
हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एक हेलीकॉप्टर भेजा ताकि घायलों को तेजी से अस्पताल ले जाया जा सके। वहीं कुछ स्थानीय लोग घायलों को खच्चरों की मदद से नीचे लाए। बताते चलें कि बैसरन घाटी जो एक सुंदर पर्यटन स्थल है और वहां तक केवल पैदल या खच्चरों के जरिए ही पहुंचा जा सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें