नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कहीं बाढ़ से उफनाई नदियों ने ताडंव मचा रखा है। इस समय भारत के कई राज्यों में बाढ़ का कहर जारी है। वहीं हाड़ों और यमुना नदी के आसपास के इलाकों में भारी बारिश के कारण यमुना नदी उफान पर आ गई है। हथनी कुंड बैराज पर यमुना नदी में 2 लाख 71 हजार क्यूसेक पानी बह रहा है। यमुना की सहायक नदी सोम नदी में भी लगभग 5 हजार क्यूसेक पानी बह रहा है। सिंचाई विभाग के एसई आरएस मित्तल के अनुसार, यमुना का जलस्तर अभी और बढ़ सकता है। यह पानी दिल्ली में भारी तबाही मचा सकता है।
अगर बहाव और तेज हो जाए…
पहाड़ी इलाकों में बारिश लगातार हो रही है। अगर पानी का बहाव इस तरह तेज रहता है तो यमुना का पानी 48 से 60 घंटे में दिल्ली पहुंच जाएगा। अगर बहाव और तेज हो जाए, तो यह केवल 24 घंटे में दिल्ली पहुंच सकता है।
#WATCH यमुनानगर (हरियाणा): यमुनानगर कैचमेंट एरिया में भारी बारिश के कारण हरियाणा के यमुनानगर में यमुना का जलस्तर बढ़ गया है। pic.twitter.com/G4V5xKIxxv
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 1, 2025
गांवों में अलर्ट
यमुना नदी के किनारे वाले गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। सरपंचों के जरिए गांव में लोगों को सचेत किया गया और मुनादी करवाई गई है।
नहरों की जलापूर्ति बंद
बाढ़ के खतरे के कारण हथनी कुंड बैराज से निकलने वाली यूपी की पूर्वी नहर और हरियाणा की पश्चिमी यमुना नहर की जलापूर्ति बंद कर दी गई है। बढ़ते खतरे को देखते हुए बैराज के यमुना नदी के सभी 18 गेट खोल दिए गए हैं। इसमें 15 गेट हरियाणा और 3 गेट उत्तर प्रदेश में हैं।
बरसाती नदियों ने फसल को पहुंचाया नुकसान
शिवालिक पहाड़ियों से निकलने वाली सोम नदी, पथराला, उर्जनी और नागल ड्रेन उफान पर हैं। इन नदियों का पानी किनारे तोड़कर खेतों में घुस गया है। हाफिजपुर, याकूबपुर, दसौरा, दसौरी, उर्जनी, चुहड़पुर खुर्द, लेदी, रामपुर जाटान, तिहानो, बरोली माजरा, खानूवाला, शेरपुर और शहजहांपुर के खेतों में पानी भरने से फसलें पूरी तरह डूब गई हैं।

