Site icon Dainik Savera Times

अब तेवर दिखाएगी सर्दी! तेजी से गिरेगा दिन का तापमान, कोहरे के साथ चलेगी शीतलहर

लुधियाना: आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड का सितम सहने के लिए तैयार हो जाएं। मौसम माहिरों का अनुमान है कि अब लोगों को दिन-रात कोहरे के साथ शीतलहर के प्रकोप की मार झेलने को मिलेगी क्योंकि अब पहाड़ों में बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठंड ने भी अपनी रफ्तार पकड़ ली है। दिन में निकल रही धूप में भी लोगों को ठंड का सितम सहना पड़ रहा है। पिछले तीन दिन से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

वहीं अधिकतम तापमान 20 डिग्री सैल्सियस के आसपास चल रहा है। पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी की मौसम विशेषज्ञ डा. पी.के. किंगरा ने बताया कि अभी कुछ दिन मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। पंजाब भर में दिन व रात के समय में घना कोहरा छाएगा। इससे सड़कों पर विजिबिलटी जीरो रह सकती है। कोहरा पड़ने से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। उन्होंने बताया कि अब जब पहाड़ों पर कोई वैस्टर्न डिस्टर्बेंस बनता है तो उसके बाद मौसम की एक ओर नई तस्वीर देखने को मिलेगी। मंगलवार को भी सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा।

लोगों को ठिठुरने वाली ठंड का भी अहसास हुआ। हालांकि सुबह 10 बजे के बाद धूप खिली लेकिन आसमान में कोहरा के साथ ठंडी हवाओं के चलने का सिलसिला भी जारी रहा। मंगलवार को दिन का तापमान 20 डिग्री सैल्यिस व न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं सुबह के समय हवा में नमी की मात्रा 100 फीसदी व शाम में 71 फीसदी रही।

Exit mobile version