Site icon Dainik Savera Times

Jalandhar में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिवार ने जताई हत्या की आशंका

पंजाब डेस्क: जालंधर में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से पुरे इलाके में सनसनी फैल गई। मामला जालंधर के वार्ड नंबर 18 स्थित रेलवे लाइन के पास का है। बता दें कि, मृतक की पहचान 22 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले का रहने वाला था और वर्तमान में अपने परिवार के साथ जालंधर में रह रहा था। मृतक पिछले तीन दिन से लापता था।

-परिवार ने जताई हत्या की आशंका

मृतक के पिता बैजनाथ, जो प्लंबर का काम करते हैं, ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनके बेटे को कुछ दिन पहले एक लड़की फोन करती थी। जब उन्होंने लड़की के परिजनों को इस बारे में बताया, तो उनके बेटे को धमकियां मिलनी शुरू हो गईं। परिजनों का आरोप है कि राहुल को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी और इसी तनाव के बीच वह तीन दिन पहले अचानक लापता हो गया।

परिजनों ने यह भी बताया कि उन्होंने बेटे की गुमशुदगी की जानकारी पुलिस को दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर समय रहते कदम उठाया जाता, तो आज यह दुखद घटना न होती।

लड़की के परिवार पर कार्रवाई की मांग

राहुल की मौत को लेकर उसके परिवार ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश बताया है। उनका कहना है कि लगातार धमकियों और मानसिक दबाव के चलते ही यह घटना हुई है। परिजनों ने लड़की और उसके परिजनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने जांच शुरू की

थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत छानबीन की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल किसी भी व्यक्ति को हिरासत में नहीं लिया गया है, लेकिन परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लिया गया है।

ये भी पढ़ें- Dhurandhar 2 BO: ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, 9 दिनों में 1100 करोड़ क्लब में की एंट्री

Exit mobile version