Site icon Dainik Savera Times

दीप्ति शर्मा के साथ 30 लाख की ठगी, इस महिला क्रिकेटर पर लगे गंभीर आरोप

खेल डेस्क: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा और उनके परिवार के साथ धोखाधड़ी और चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। दीप्ति के भाई सुमित शर्मा की शिकायत पर आगरा के सदर थाने में क्रिकेटर आरुषि गोयल और उनके माता-पिता के खिलाफ करीब 30 लाख रुपये की ठगी और चोरी का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आगरा के डीसीपी सिटी ने बताया कि केस को गंभीरता से लिया गया है और जल्द सच्चाई सामने लाई जाएगी।

क्या है पूरा मामला?
दीप्ति शर्मा की दोस्ती क्रिकेटर आरुषि गोयल से मैदान पर ही हुई थी। दोनों महिला प्रीमियर लीग (WPL) की यूपी वॉरियर्स टीम में साथ खेल चुकी हैं। दीप्ति इस टीम की कप्तान थीं। धीरे-धीरे यह दोस्ती इतनी गहरी हो गई कि परिवार तक भी जुड़ गए। इसी नजदीकी का फायदा उठाकर आरुषि गोयल और उनके माता-पिता ने दो साल में दीप्ति से निजी जरूरत बताकर करीब 25 लाख रुपये उधार ले लिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समय पर पैसे लौटा देंगे, लेकिन जब दीप्ति ने पैसे वापस मांगे तो बातें टालने लगे और बदतमीजी भी की।

फ्लैट में चोरी की घटना
दीप्ति शर्मा का आगरा में राजेश्वर मंदिर के पास एक फ्लैट है, जहां आरुषि अक्सर आती-जाती थीं। दीप्ति ने बाद में उन्हें फ्लैट पर आने से मना कर दिया था। इसके बावजूद 22 अप्रैल को आरुषि चोरी-छिपे फ्लैट पर पहुंचीं, ताला तोड़ा, और अंदर से सोने-चांदी के गहने, 2,500 डॉलर और अन्य कीमती सामान लेकर चली गईं। जाते वक्त अपना ताला भी फ्लैट पर लगा दिया।

अगले दिन की कॉल और खुलासा
23 अप्रैल को आरुषि ने दीप्ति को कॉल किया (जो उस समय विदेश में थीं) और कहा कि फ्लैट से अपना सामान लेना है। दीप्ति ने अपने भाई को फ्लैट पर भेजा, लेकिन ताला आरुषि का था और चाबी भी सिर्फ उसके पास थी। पूछताछ के बाद यह साफ हो गया कि आरुषि एक दिन पहले ही वहां जाकर चोरी कर चुकी थीं। अब आरुषि गोयल और उनके माता-पिता के खिलाफ IPC की धोखाधड़ी और चोरी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच में जुटी है।

दीप्ति शर्मा का करियर
-टेस्ट: 5 मैच, 319 रन, 20 विकेट
-वनडे: 106 मैच, 2300 रन, 135 विकेट
-T20I: 124 मैच, 1086 रन, 138 विकेट
दीप्ति शर्मा का जन्म 24 अगस्त 1997 को आगरा में हुआ था और आज वे भारत की सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर खिलाड़ियों में गिनी जाती हैं।

Exit mobile version