Site icon Dainik Savera Times

Ayushman Arogya Mandir : दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव शुरू, जल्द खोले जाएंगे 70 आयुष्मान आरोग्य मंदिर

नेशनल डेस्क : दिल्ली की सत्ता में 27 सालों के बाद बीजेपी ने वापसी कर ली है। इसके साथ ही दिल्ली की नई सीएम रेखा गुप्ता की अगुवाई में स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से सुधार लाया जा रहा है। आने वाले कुछ ही हफ्तों में राजधानी के हर विधानसभा क्षेत्र में एक खास स्वास्थ्य केंद्र आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोला जाएगा। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

70 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू होंगे

दरअसल, दिल्ली सरकार ने ऐलान किया है कि अगले 20 से 25 दिनों में 70 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू कर दिए जाएंगे। सरकार का यह भी लक्ष्य है कि एक साल के भीतर कुल 1139 आयुष्मान आरोग्य मंदिर तैयार कर लिए जाएं ताकि सभी को नजदीक ही बेहतर इलाज मिल सके। इसके साथ ही मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह भी बताया कि दिल्ली के 11 जिलों में आधुनिक लैब (इंटीग्रेटेड लैब) बनाई जाएंगी। इन लैब्स में लोगों को सभी प्रकार की मेडिकल जांच की सुविधा एक ही जगह पर मिलेगी। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी।

स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 2400 करोड़…

रेखा गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से दिल्ली को 2400 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं, जिसका इस्तेमाल पूरी तरह से स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने में किया जाएगा। इसके साथ ही सरकार 400 नए हेल्थ एंड वेल्थ सेंटर भी शुरू करेगी। इन केंद्रों में न केवल इलाज की सुविधा मिलेगी, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी और जीवनशैली सुधारने के लिए भी सलाह दी जाएगी।

 पुरानी सरकार पर लापरवाही के आरोप

वहीं सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि कोरोना काल में बनाए गए 24 अस्पताल अभी भी पूरी तरह शुरू नहीं हो पाए हैं। उन्होंने पूर्व सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने इन अस्पतालों को चालू रखने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। मुख्यमंत्री ने यह भी वादा किया कि केंद्र सरकार की सभी स्वास्थ्य योजनाओं को पूरी तरह से लागू किया जाएगा, ताकि दिल्ली की जनता को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।

Exit mobile version