Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Delhi Airport Accident : मृतक के परिजनों को 20 लाख रुपए के मुआवजे का किया ऐलान

June 28, 2024

Delhi Airport Accident : मृतक के परिजनों को 20 लाख रुपए के मुआवजे का किया ऐलान

नई दिल्ली : दिल्ली एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह हादसे में मारे गए व्यक्ति के परिजनों को 20 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया गया है। साथ ही दिल्ली एयरपोर्ट ने कहा है कि सभी घायलों को तीन-तीन लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। भारी बारिश के बाद शुक्रवार को एयरपोर्ट के टर्मनिल वन पर छत गिरने से हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। दिल्ली एयरपोर्ट ने एक्स पर कहा है कि टर्मनिल वन की सभी फ्लाइट रात 11 बजे तक टर्मनिल दो और तीन से जाएंगी और लैंड करेगी।

हवाई अड्डे के एक प्रवक्ता ने बताया कि हादसे की जांच के लिए एक समिति गठित की गई है। उन्होंने बताया कि फिलहाल टर्मनिल 1 से सभी उड़ानें निलंबित कर दी गई हैं। सुरक्षा की दृष्टि से चेक-इन काउंटर बंद कर दिये गये हैं। इंडिगो के अलावा अन्य विमान सेवा कंपनियों की टर्मनिल 1 की उड़ानों को टर्मनिल 2 और 3 पर स्थानांतरित किया जा रहा है। हवाई अड्डे का संचालन करने वाली कंपनी डायल ने एक बयान में बताया कि हादसा सुबह लगभग पांच बजे पुराने डिपार्चर फोरकोर्ट पर हुआ।

उधर, आम आदमी पार्टी ने इस पर केंद्र सरकार को घेरते हुए हादसे में मरने वाले के परिवार जनों को एक करोड़ रुपए और घायलों के परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा के तौर पर दिए जाने की मांग की है। आम आदमी पार्टी नेता जैस्मीन शाह ने सवाल पूछा है आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मनिल 1 की छत गिरने के कारण एक आदमी अपनी जान गंवा बैठा। जवाब कौन देगा?

उन्होंने कहा है कि आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मनिल 1 की छत पहली बारिश में ही टूटकर गिर जाती है और इसमें अब तक 1 व्यक्ति की मौत हुई है। इसमें कई लोगों के घायल होने की भी खबर है। आम आदमी पार्टी की संवेदनाएं इन सभी परिवारों के साथ है।

इससे पहले केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने एक्स पर कहा, ‘मैं दिल्ली एयरपोर्ट टर्मनिल 1 की छत गिरने की घटना की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहा हूं। घटनास्थल पर लोग काम कर रहे हैं। साथ ही एयरलाइनों को टर्मनिल 1 पर सभी प्रभावित यात्रियों की सहायता करने की सलाह दी है। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। बचाव अभियान अभी भी जारी है।‘

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें