Site icon Dainik Savera Times

भारत-पाकिस्तान तनाव: दिल्ली एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों के लिए जारी की अहम एडवाइजरी, जानें क्या है जरूरी

India Pakistan Tension : भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनज़र दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। पाकिस्तान की ओर से सीजफायर की मांग के बाद भी सीमावर्ती इलाकों में फिर से गोलीबारी और ड्रोन गतिविधियों की खबरें सामने आई हैं। इन हालातों को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सतर्क रहने और आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

फ्लाइट शेड्यूल में हो सकते हैं बदलाव

दिल्ली एयरपोर्ट की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि मौजूदा सुरक्षा परिस्थितियों और नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो द्वारा लागू किए गए उच्च सुरक्षा प्रोटोकॉल के कारण उड़ानों के समय में परिवर्तन संभव है। ऐसे में यात्रियों को चेक-इन और सुरक्षा जांच प्रक्रिया में सामान्य से अधिक समय लग सकता है।

एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से की अपील

– अपनी फ्लाइट के स्टेटस की जानकारी एयरलाइन या एयरपोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त करें।
– निर्धारित समय से पहले एयरपोर्ट पर पहुंचे।
– चेक-इन और केबिन बैगेज से संबंधित सभी नियमों का पालन करें।
– अफवाहों से बचें और केवल अधिकृत स्रोतों से जानकारी लें।
– एयरलाइन और सुरक्षा कर्मचारियों का पूरा सहयोग करें।

उत्तर और पश्चिम भारत में 32 एयरपोर्ट अस्थायी रूप से बंद

सुरक्षा कारणों के चलते भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने जानकारी दी है कि उत्तर और पश्चिम भारत के कुल 32 एयरपोर्ट्स को 9 मई से 14 मई 2025 तक नागरिक उड़ानों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इन 32 एयरपोर्ट्स में आदमपुर, अंबाला, अमृतसर, अवंतीपुर, बठिंडा, भुज, बीकानेर, चंडीगढ़, हलवारा, हिंडन, जैसलमेर, जम्मू, जामनगर, जोधपुर, कांडला, कांगड़ा (गग्गल), केशोद, किशनगढ़, कुल्लू मनाली (भुंतर), लेह, लुधियाना, मुंद्रा, नलिया, पठानकोट, पटियाला, पोरबंदर, राजकोट (हीरासर), सरसावा, शिमला, श्रीनगर, थोइस और उत्तरलाई एयरपोर्ट शामिल हैं।

यात्रियों से आग्रह

एयरपोर्ट अधिकारियों ने सभी यात्रियों से आग्रह किया है कि वे धैर्य बनाए रखें, सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाह से दूर रहते हुए यात्रा से जुड़े सभी अपडेट्स आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त करें।

Exit mobile version