Dainik Savera Times

दिल्ली के बाद अब इस राज्य के 40 स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी; मचा हड़कंप… अलर्ट पर पुलिस

Bengaluru Schools Bomb Threat : देश की राजधानी दिल्ली और आईटी हब बेंगलुरु में एक बार फिर से बम धमकी की घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया है। बता दें कि सुबह दिल्ली के 20 से अधिक और बेंगलुरु के 40 स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए सभी संबंधित स्कूलों में जांच अभियान चलाया, लेकिन फिलहाल कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है।

बेंगलुरु में 40 स्कूलों को धमकी

बेंगलुरु पुलिस के अनुसार, राजराजेश्वरी नगर, केंगेरी समेत कई क्षेत्रों के निजी स्कूलों को धमकी भरे ईमेल भेजे गए। ईमेल में TNT जैसे खतरनाक विस्फोटक के प्रयोग का दावा किया गया, जो क्लासरूम में प्लास्टिक थैलों में छिपा होने की बात कही गई थी। पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दल मौके पर पहुंचा और स्कूल परिसर को खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया गया।

दिल्ली में भी दोबारा धमकी का दौर

इसी दिन दिल्ली में सेंट थॉमस, जीडी गोयनका, गुरु नानक पब्लिक स्कूल समेत कई प्रमुख स्कूलों को धमकी भरे मेल मिले। 14 से 18 जुलाई तक लगातार कई स्कूलों और सेंट स्टीफंस कॉलेज को ऐसे मेल मिल चुके हैं। दिल्ली पुलिस का कहना है कि ये धमकियाँ झूठी लग रही हैं, लेकिन उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

गोल्डन टेंपल भी रहा निशाने पर

आपको बता दे कि पंजाब के अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब को भी पिछले दिनों आरडीएक्स से उड़ाने की धमकियाँ मिली थीं। पंजाब पुलिस और बीएसएफ ने मिलकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बता दे कि 14 जुलाई 2025 से 17 जुलाई के बीच स्वर्ण मंदिर को 5 बार धमकियाँ मिली हैं। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) को धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे। ईमेल में स्वर्ण मंदिर को RDX से उड़ाने की धमकी दी गई थी।

धमकी मिलने के बाद, पंजाब पुलिस, BSF और डॉग स्क्वॉड ने स्वर्ण मंदिर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, DGP गौरव यादव और SGPC अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने धमकियों को गंभीरता से लिया है। अब तक की जांच में पता चला है कि इन धमकियों के पीछे तमिलनाडु कनेक्शन हो सकता है। एक संदिग्ध को हिरासत में भी लिया गया है।

सरकार की अपील… अफवाहों से बचें, सतर्क रहें

मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली पुलिस ने जनता से संयम बरतने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। साथ ही भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा एजेंसियाँ पूरी मुस्तैदी से स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

Exit mobile version