Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

एक्शन में दिल्ली पुलिस, 32 गंभीर मामलों में वांटेड परवेज आलम को किया गिरफ्तार

July 10, 2025

एक्शन में दिल्ली पुलिस, 32 गंभीर मामलों में वांटेड परवेज आलम को किया गिरफ्तार

नेशनल डेस्क : दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने आखिरकार एक बड़े ऑपरेशन में तीन राज्यों राजस्थान, उत्तर प्रदेश, और दिल्ली में लूट, डकैती, हत्या और किडनैपिंग जैसे 32 से ज्यादा संगीन मामलों में वांछित अंतरराज्यीय अपराधी परवेज आलम उर्फ पंडित को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी साकेत कोर्ट परिसर के पास से हुई, जहां वह किसी काम से आया हुआ था।

कौन है परवेज आलम ?

आपको बता दें कि परवेज आलम उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मैनाठेर थाना क्षेत्र का रहने वाला है और वहीं का घोषित हिस्ट्रीशीटर भी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, परवेज 2006 से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। उसने ट्रक ड्राइवर के रूप में काम करते हुए विभिन्न राज्यों में घूम-घूमकर अपराध किए, जिससे उसका पता लगाना बहुत मुश्किल हो गया था।

कैसे बनाता था अपराध का प्लान?

दिल्ली पुलिस की जांच में पता चला है कि परवेज आलम अपने साथियों के साथ मिलकर कैब ड्राइवरों को निशाना बनाता था। वे पहले टैक्सी बुक करते, फिर सुनसान इलाकों में ड्राइवर को किडनैप कर उसकी हत्या कर देते और शव फेंक देते थे। इसके बाद गाड़ी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे। एक ऐसी ही वारदात उसने 2011 में दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में अंजाम दी थी। ठीक इसी तरीके से राजस्थान के भरतपुर में भी एक ड्राइवर को बंधक बनाकर लूट की गई थी। इस मामले में परवेज पर ₹15,000 का इनाम घोषित था।

लंबे समय से थी पुलिस को तलाश

दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम काफी समय से परवेज की गतिविधियों पर निगरानी रख रही थी। एक खुफिया सूचना के बाद पुलिस ने साकेत कोर्ट परिसर के पास जाल बिछाया और जैसे ही परवेज वहां पहुंचा, तुरंत उसे धर दबोचा गया।

पूछताछ में चौकाने वाले खुलासे

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में परवेज ने बताया कि वह अनपढ़ है और अपराधों की दुनिया में उसकी एंट्री नशे की लत और आपराधिक संगत के चलते हुई। उसने हत्या, लूट, डकैती, अपहरण, आर्म्स एक्ट, और गैंगस्टर एक्ट जैसी कई संगीन वारदातें कबूल की हैं। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने भरतपुर में दर्ज 9 साल पुराने डकैती और किडनैपिंग के केस को भी सुलझा लिया है।

परवेज का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, परवेज आलम के खिलाफ उत्तर प्रदेश में 26 आपराधिक मामले। दिल्ली में 5 आपराधिक मामले इसके साथ ही राजस्थान में1 बड़ा मामला दर्ज है। इन मामलों में हत्या, हत्या की कोशिश, डकैती, चोरी, अपहरण, आर्म्स एक्ट, और गैंगस्टर एक्ट जैसी धाराएं शामिल हैं।

पारिवारिक जानकारी

परवेज आलम की शादी अफसाना नामक महिला से हुई है और उसके 5 बच्चे हैं। अपराध के दौरान वह लगातार शहर बदलता रहता था, जिससे पुलिस के लिए उसका पीछा करना मुश्किल हो जाता था। फिलहाल पुलिस परवेज आलम से पूछताछ जारी रखे हुए है और उससे जुड़े अन्य साथियों की भी तलाश की जा रही है। उसके पुराने रिकॉर्ड की फिर से जांच की जा रही है ताकि अगर कोई और मामला उससे जुड़ा हो तो वह भी सामने लाया जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें