Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

धर्मेंद्र प्रधान बने बिहार के चुनाव प्रभारी, CR पाटिल को भी मिली जिम्मेदारी… BJP ने किया संगठनात्मक बदलाव

September 25, 2025

धर्मेंद्र प्रधान बने बिहार के चुनाव प्रभारी, CR पाटिल को भी मिली जिम्मेदारी… BJP ने किया संगठनात्मक बदलाव

नेशनल डेस्क: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बिहार और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए अपने संगठन में अहम जिम्मेदारियों का बंटवारा किया है। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस संबंध में शुक्रवार को नियुक्ति पत्र जारी किए। बिहार विधानसभा चुनाव की कमान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को सौंपी गई है। उन्हें प्रदेश चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को बिहार चुनाव सह प्रभारी बनाया गया है।

 

पश्चिम बंगाल में भी नई नियुक्तियां की गई

वहीं, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भी नई नियुक्तियां की गई हैं। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव को बंगाल का प्रदेश चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ लोकसभा सांसद बिप्लब कुमार देब को प्रदेश चुनाव सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने इस संदर्भ में आधिकारिक पत्र जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

 

संगठन को मजबूत करने की योजना

पार्टी सूत्रों के अनुसार, इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को और मजबूत करना और चुनावी रणनीति को धार देना है, ताकि आगामी विधानसभा चुनावों में बीजेपी बेहतर प्रदर्शन कर सके।

बिहार में बीजेपी का लक्ष्य

बिहार में एनडीए (नैशनल डेमोक्रेटिक अलायंस) की सरकार है, और बीजेपी ने 2020 के चुनाव में 74 सीटें जीती थीं। पार्टी का उद्देश्य इस बार रिकॉर्ड संख्या में सीटों पर जीत हासिल करना है। बिहार में जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार चल रही है, जबकि बीजेपी के सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा डिप्टी सीएम हैं। इसके अलावा, भाजपा ने पार्टी नेता बैजयंत पांडा को तमिलनाडु चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। मुरलीधर मोहोल बिहार चुनाव सह-प्रभारी नियुक्त किया है।

 

बंगाल में बीजेपी की स्थिति

बंगाल में भी बीजेपी ने 2021 के चुनाव में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था, जहां उसने 77 सीटों पर जीत दर्ज की थी। राज्य में बीजेपी मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी है। पार्टी की योजना है कि अगले चुनाव में इस प्रदर्शन को और मजबूत किया जाए।इन नियुक्तियों के बाद बीजेपी ने दोनों राज्यों में अपने चुनावी अभियान को और धार देने का इरादा जाहिर किया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें