Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सरदार जी 3’ भारत में नहीं होगी रिलीज, जानें- क्यों किया गया बैन

June 26, 2025

दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सरदार जी 3’ भारत में नहीं होगी रिलीज, जानें- क्यों किया गया बैन

Diljit Dosanjh film Sardar Ji 3: दिलजीत दोसांझ की फिल्म सरदार जी 3 पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। भारत में इस फिल्म को लेकर हुए विरोध के बाद फिल्म को बैन करने की मांग की जा रही थी, जिसके बाद मेकर्स ने इसे देश में रिलीज ना करने का फैसला लिया है। पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर को कास्ट करने को लेकर हुई आलोचना के बाद ग्लोबल सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ ने अपनी विवादास्पद फिल्म सरदार जी 3 को भारत में रिलीज न करने का फैसला किया है।

मंगलवार को दिलजीत की मैनेजर सोनाली सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट लिखा, जिसमें उन्होंने बताया कि दिलजीत ने यह फैसला लिया है कि उनकी फिल्म सरदार जी 3 भारत में रिलीज नहीं होगी।

दिलजीत को कई बार आलोचना का सामना भी करना पड़ा
सोनाली ने अपने नोट की शुरुआत इस बात से की कि दिलजीत दोसांझ ने अपने 20 साल के करियर में सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में बड़ी सांस्कृतिक पहचान बनाई है। कई बार उन्हें आलोचना का सामना भी करना पड़ा है, लेकिन उन्होंने चुपचाप और शांति से भारत का प्रतिनिधित्व किया है।

उन्होंने लिखा, एक पाकिस्तानी अभिनेत्री होने के चलते उनकी आने वाली फिल्म सरदार जी 3 को आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। इस समय हालात को देखते हुए यह बेहद दुखद और गलत है, क्योंकि यह फिल्म तो उस वक्त बनाई गई थी, जब ऐसा कोई राजनीतिक माहौल नहीं था।

प्रोड्यूसर्स ने अपनी बचत से बनाई फिल्म
सोनाली ने कहा कि यह फिल्म उन प्रोड्यूसर्स ने अपनी बचत से बनाई है। यह फिल्म रीजनल फिल्म इंडस्ट्री को आगे बढ़ाने के लिए बनाई गई है। अब इस फिल्म को रिलीज होने से रोकने की कोशिश करना सिर्फ एक कलाकार के खिलाफ नहीं है, बल्कि पूरी फिल्म बनाने वाली टीम और इंडस्ट्री के खिलाफ है।

उन्होंने आगे लिखा, यह फिल्म किसी बड़ी कंपनी या कॉरपोरेट ग्रुप की नहीं है, जो बड़े नुकसान झेल सके। बल्कि यह फिल्म किसी आम इंसान की पूरी कमाई और मेहनत से बनी है। अब इस फिल्म के रिलीज ना होने से उनका सारा पैसा खतरे में पड़ सकता है।

दो साल से ज्यादा हुए इस फिल्म को बने
सोनाली ने दिलजीत की फिल्म पंजाब 95 का भी ज़िक्र किया। इस फिल्म को बने हुए दो साल से ज्यादा हो गए हैं, लेकिन सेंसर बोर्ड ने अभी तक इसे रिलीज करने की मंजूरी नहीं दी है। इस फिल्म में दिलजीत एक मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा का किरदार निभा रहे हैं। जसवंत सिंह खालरा ने उन निर्दोष पंजाबी लोगों के लिए लड़ाई लड़ी थी, जिन्हें पंजाब पुलिस ने बिना वजह पकड़ा था। यह सब उस वक्त हुआ था, जब भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद पंजाब में आतंकवाद से लड़ाई चल रही थी।

उन्होंने कहा, इन सारी मुश्किलों के बीच भी दिलजीत ने भारत के लोगों और सरकार की भावनाओं का सम्मान किया है। उन्होंने फैसला किया है कि वह यह फिल्म भारत में रिलीज नहीं करेंगे। वह देश के इस समय के मूड के साथ खड़े हैं और देश के फैसलों का सम्मान करते हैं। हां, इस फैसले से फिल्म के कारोबार पर बड़ा असर पड़ेगा, लेकिन दिलजीत सिर्फ अपने बारे में नहीं सोच रहे। वह प्रोड्यूसर्स, फिल्म की टीम और उन परिवारों के नुकसान को कम करने की कोशिश कर रहे हैं, जिनकी आजीविका इस फिल्म से जुड़ी है और साथ ही देश की भावनाओं और सम्मान का भी ख्याल रख रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें