Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

UP में आसमान से बरसी आफत, आकाशीय बिजली गिरने से 6 की मौत, कई जिलों में गेहूं की फसल बर्बाद

April 10, 2025

UP में आसमान से बरसी आफत, आकाशीय बिजली गिरने से 6 की मौत, कई जिलों में गेहूं की फसल बर्बाद

लखनऊ। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बृहस्पतिवार को बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि होने, आंधी आने और बिजली गिरने की घटना से फिरोजाबाद, सिद्धार्थ नगर और सीतापुर में 6 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को प्रभावित इलाकों का दौरा करने और प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। अपर जिलाधिकारी विशू राजा ने बताया कि बिजली गिरने की पहली घटना तहसील सदर क्षेत्र नारखी थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर में घटी जिसमें खेत पर काम कर रही महिला ललिता देवी (30) की आकाशीय बिजली गिरने से मृत्यु हो गई। दूसरी घटना थाना जसराना क्षेत्र के गांव चनारी की है जहां खेत पर काम कर रहे किसान पदम वीर सिंह (32) की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।

सिद्धार्थ नगर में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 40 वर्षीय श्रमिक घनशय़ाम की मृत्यु हो गई। अधिकारियों ने कहा कि यह घटना गौरा मंगुआ गांव में उस समय हुई जब घनशय़ाम बारिश में काम के लिए जा रहा था। सीतापुर में बिजली गिरने और भारी बारिश से एक दीवार ढहने की दो अलग अलग घटनाओं में दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। पुलिस ने बताया कि बिस्वां थाना अंतर्गत मोछ खुर्द में आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे हरिश्चंद्र (25) की मृत्यु हो गई, जबकि सकरान थाना अंतर्गत रसूलपुर गांव में भारी बारिश के चलते एक दीवार ढहने से कुसुमा देवी (55) की मृत्यु हो गई।

सीएम योगी ने प्रभावित जिलों के अधिकारियों को राहत अभियान चलाने का दिया निर्देश 
इन घटनाओं का संज्ञन लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित जिलों के अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ राहत अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इस बीच, भारत मौसम विभाग के लखनऊ कार्यालय ने बृहस्पतिवार के लिए बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की जिलावार चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश का अनुमान जताया 
मौसम विभाग ने कहा है कि कौशांबी, वाराणसी, जाैनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली सहित कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है और आकाशीय बिजली गिर सकती है। इन जिलों से विस्तृत रिपोर्ट प्रतीक्षारत है।

 प्रभावित किसानों के फसलों का आकल न करने के निर्देश
यहां जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को प्रभावित इलाकों का दौरा करने, राहत प्रयासों की कड़ी निगरानी करने और प्रतिकूल मौसम से प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का बृहस्पतिवार को निर्देश दिया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि फसलों को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाए और राज्य सरकार को इसकी रिपोर्ट तुरंत सौंपी जाए। इससे प्रशासन को उचित कार्रवाई करने और प्रभावित किसानों के लिए सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

ये भी पढ़ें: पंजाब पुलिस की BKI आतंकियों पर बड़ी कार्रवाई, विस्फोटक हथियारों सहित 2 आरोपी गिरफ्तार

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें