Site icon Dainik Savera Times

महाराष्ट्र सरकार में मंत्रालयों का बंटवारा, फडणवीस के पास गृह मंत्रालय, शिंदे को शहरी विकास, अजित पवार को वित्त का प्रभार

नागपुर: महाराष्ट्र में फडणवीस सरकार ने मंत्रियों को विभाग आवंटित कर दिए हैं। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने शनिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सिफारिश के अनुसार मंत्रियों को विभाग आवंटन को मंजूरी दे दी। एक सप्ताह तक चले शीतकालीन सत्र के समापन के बाद लिस्ट जारी की गई है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गृह, ऊर्जा और कानून विभाग अपने पास रखा है। अजित पवार को वित्त विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, एकनाथ शिंदे को शहरी विकास और लोक निर्माण विभाग सौंपा गया है।

चंद्र शेखर बावनकुले को राजस्व, उदय सामंत को उद्योग, चंद्रकांत पाटिल को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, गणेश नाइक को वन, पंकजा मुंडे को पर्यावरण, हसन मुश्रिफ को मेडिकल एजुकेशन, गुलाबराव पाटिल को पानी आपूर्ति, राधा कृष्ण विखे पाटिल को जलसंपदा, दादा भुसे को स्कूल शिक्षा, अशोल विखे को आदिवासी विकास, प्रताप सरनाईक को परिवहन, धनंजय मुंडे को खाद्य आपूर्ति, अतुल सावे को ओबीसी विकास, संजय शिरसाट को सामाजिक न्याय और भरत गोगवाले को रोजगार विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

बता दें कि 15 दिसंबर को महायुति के 39 मंत्रियों ने शपथ ली थी। इनमें भाजपा के 19, शिवसेना शिंदे गुट के 11 और एनसीपी अजित पवार गुट के नौ मंत्री शामिल थे।

ज्ञात हो कि भाजपा, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के महायुति गठबंधन ने राज्य की 288 विधानसभा सीटों में से 236 सीटों पर जीत दर्ज की थी। जबकि कांग्रेस, शिवसेना का उद्धव गुट और राकांपा के शरद पवार गुट के महा विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन ने केवल 49 सीटों पर जीत हासिल की थी।

Exit mobile version